Loading...

राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।

राजगढ़

नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर की देखरेख में पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान प्रत्याशियों की मौजूदगी में ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से निकालकर संबंधित पोलिंग पार्टियों को सौंपा गया।

निर्वाचन अधिकारी राजकुमार ठाकुर ने बताया कि नगर पंचायत के सात वार्डों के लिए सात मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। वार्ड नंबर-1 के लिए पीडब्ल्यूडी कार्यालय, वार्ड नंबर-2 के लिए पटवारी कार्यालय, वार्ड नंबर-3 के लिए नगर पंचायत कार्यालय, वार्ड नंबर-4 के लिए पीएम श्री राजकीय प्राथमिक केंद्रीय पाठशाला, वार्ड नंबर-5 के लिए पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, वार्ड नंबर-6 के लिए नगर पंचायत कार्यालय तथा वार्ड नंबर-7 के लिए कृषि विभाग कार्यालय में मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। मतदान समाप्त होने के बाद एसडीएम कार्यालय में मतगणना की जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।प्रशासन के अनुसार इस चुनाव में कुल 1982 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि मतदान की गोपनीयता बनी रहे। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

Related Topics: