Loading...

Result / हिमाचल बोर्ड 10वीं का परिणाम 83.87 फीसदी, कांगड़ा की अनमोल ने किया टॉप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 May 2026 • 1 Min Read

Result : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष बोर्ड का कुल परीक्षा परिणाम 83.87 प्रतिशत रहा। प्रदेशभर में 93 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 78 हजार 150 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं।

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी परिणाम के अनुसार इस वर्ष कुल 93,176 विद्यार्थियों ने 10वीं की परीक्षा दी थी। इनमें से 78,150 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि 8433 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई है। बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों को राहत देते हुए जून माह में दोबारा परीक्षा देकर अंक सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। बोर्ड पहले प्रोविजनल मेरिट सूची जारी करेगा और जून परीक्षा के बाद फाइनल मेरिट सूची घोषित की जाएगी।

कांगड़ा की अनमोल ने हासिल किया पहला स्थान

प्रदेश मेरिट सूची में कांगड़ा जिले के पहाड़ा स्थित एवीएम पब्लिक स्कूल की छात्रा अनमोल ने 700 में से 699 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर ऊना के अभिनव मेहता, बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा और ऊना की रूहानी धीमान संयुक्त रूप से रहे। तीनों विद्यार्थियों ने 700 में से 698 अंक प्राप्त किए हैं।

तीसरे स्थान पर हमीरपुर के नीलम पब्लिक स्कूल की छात्रा आश्विका शर्मा और मंडी जिले के ऑक्सफोर्ड स्कूल कोटली की छात्रा अलीशा ठाकुर रहीं। दोनों छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया है। इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन काफी बेहतर देखने को मिला।

बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली में किए कई बदलाव

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा परिणाम में सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। प्रश्न पत्रों में एमसीक्यू और कंपीटेंसी बेस्ड प्रश्न शामिल किए गए ताकि विद्यार्थियों की वास्तविक समझ का मूल्यांकन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि राज्यभर में परीक्षा संचालन के लिए 2384 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग भी की गई। आगामी सत्र में ऑडियो और वीडियो कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। वहीं उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 41 केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां करीब 2900 शिक्षकों ने अपनी सेवाएं दीं। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि समय पर परिणाम घोषित करने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।

Related Topics: