Loading...

Result / HPBOSE 10वीं परीक्षा में कोरग स्कूल का परिणाम 92 फीसदी, अर्चना ने 675 अंक लेकर बढ़ाया मान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 May 2026 • 1 Min Read

Result : दूरदराज क्षेत्र के विद्यार्थियों ने मेहनत से लिखी सफलता की नई कहानी

संगड़ाह

उपमंडल संगड़ाह के दूरदराज क्षेत्र स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोरग ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और दुर्गम क्षेत्र के बावजूद विद्यालय का परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की छात्रा अर्चना कुमारी ने 700 में से 675 अंक प्राप्त कर 96.42 प्रतिशत अंक हासिल किए। अर्चना ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं सावंत शर्मा ने 660 अंक तथा प्रीति शर्मा ने 658 अंक लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।

तीनों विद्यार्थियों की सफलता से अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। छात्रों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित मेहनत को दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जगत सिंह पंवार और इतिहास प्रवक्ता ओपी कन्याल ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्र के बच्चों ने साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय लगातार बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए प्रयासरत है और आने वाले समय में भी छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

Related Topics: