Result / HPBOSE 10वीं मेरिट में सिरमौर के तीन विद्यार्थियों ने बनाई जगह, निजी स्कूलों का दबदबा
Result : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिला सिरमौर के तीन विद्यार्थियों ने प्रदेश मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। खास बात यह रही कि मेरिट सूची में जगह बनाने वाले तीनों विद्यार्थी निजी स्कूलों से हैं, जबकि इस बार जिले के सरकारी स्कूल टॉप-10 सूची में स्थान नहीं बना सके।
नाहन
करिअर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहन की छात्रा ऋषिता सभ्रवाल ने प्रदेश मेरिट सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया है। ददाहू निवासी अमित कुमार की पुत्री ऋषिता ने 700 में से 693 अंक हासिल कर 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बेटी की इस उपलब्धि के बाद परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने छात्रा की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया।
आदर्श विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल नाहन के छात्र दिव्यांश कश्यप ने भी प्रदेश मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। देवराज कश्यप के पुत्र दिव्यांश ने 691 अंक लेकर 98.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। स्कूल प्रबंधन ने छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांश ने लगातार मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
किसान परिवार के बेटे विक्रांत ने हासिल की बड़ी सफलता
शिवा पब्लिक स्कूल बेहड़ेवाला, धौलाकुआं के छात्र विक्रांत ने भी प्रदेश मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है। किसान परिवार से संबंध रखने वाले विक्रांत ने 691 अंक हासिल कर 98.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। सीमित संसाधनों और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद विक्रांत की इस सफलता को विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पहले विक्रांत के पिता का निधन हो चुका है। उनकी माता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करने के साथ बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। विक्रांत ने बताया कि उसका सपना जेईई मेन्स परीक्षा पास कर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर बनने का है। इसी लक्ष्य को लेकर वह अब नाहन के करिअर अकादमी स्कूल में जमा एक में नॉन मेडिकल विषय से पढ़ाई कर रहा है।
जिले के तीन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के बाद सिरमौर में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी विद्यार्थियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता को प्रेरणादायक बताया है।