Loading...

सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में 26 सितंबर को लगेगा भव्य रक्तदान शिविर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में 26 सितंबर को एक बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ 500 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। शिविर के लिए पारस हॉस्पिटल से 12 डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष टीम तैनात रहेगी। टीम रक्तदान करने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच से लेकर रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया को चिकित्सकीय मानकों के अनुसार संपन्न करवाएगी।

बद्दी

सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल मलपुर बद्दी के एमडी करणवीर राणा व प्रिंसिपल दिव्या राणा ने बताया कि 26 सितंबर को स्कूल द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 500 यूनिट रक्त एकत्रित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विशेष तैयारी की गई है। पारस हॉस्पिटल की 12 डॉक्टरों की टीम व अन्य स्टाफ रक्त एकत्रित करने की जिम्मेदारी संभालेगा। रक्तदान शिविर में रोटरी क्लब पिंजौर हिल्स के अध्यक्ष रोटेरियन संदीप बोगरा मुख्यातिथि होंगे, जबकि सेक्रेटरी रोटेरियन कुलबीर सिंह राणा और प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन तेजेन्द्र चावला अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

एमडी करणवीर राणा व प्रिंसिपल दिव्या राणा ने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

प्रिंसिपल दिव्या राणा ने कहा कि 500 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य पूरा होने पर यह शिविर क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। 26 सितंबर को होने वाले रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। शिविर में बच्चों के अभिभावकों, स्कूल स्टाफ के अलावा अलग-अलग संस्थाओं व स्वयंसेवकों को रक्तदान के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने की अपील की है।

Related Topics: • •