Kangra: सूबेदार मेजर संदीप अवस्थी पंचतत्व में विलीन, कांगड़ा में शोक की लहर, अंतिम संस्कार में सैन्य सम्मान
Himachalnow / कांगड़ा
पारिवारिक दुख: संदीप अवस्थी का अंतिम संस्कार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर निवासी सूबेदार मेजर संदीप अवस्थी गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका निधन मंगलवार को नागालैंड के दीमापुर में हार्ट अटैक के कारण हुआ था। गुरुवार सुबह उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचाई गई, जहां परिवार और ग्रामीणों ने उनका अंतिम संस्कार किया।
पत्नी और बेटी का गहरा दुख
संदीप अवस्थी की पार्थिव देह उनके घर पहुंचने पर उनकी पत्नी और बेटी बेसुध हो गईं। इस अत्यंत भावुक पल में उनकी बेटी सुधांशी शर्मा ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। बेटी लगातार अपने पिता को पुकारते हुए रोती रही।

अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार के दौरान एक बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। नायब सुबेदार परस राम अपनी पलटन के साथ पहुंचे और सैनिक सम्मान के साथ सूबेदार मेजर संदीप अवस्थी को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक कमलेश ठाकुर ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दुख व्यक्त किया। इस मौके पर एसडीएम शिल्पी बेक्टा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
सेवा काल और परिवार का योगदान
संदीप अवस्थी असम राइफल में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात थे और उनका सेवाकाल करीब 32 वर्षों का था। उन्होंने वर्ष 1992 में सेना में भर्ती लिया था। संदीप की पत्नी एक सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं और उनकी एक बेटी है। बेटी सुधांशी शर्मा ने बताया कि उनके पिता 10 से 15 दिन पहले ही छुट्टी पर आए थे और रोज उनसे बात होती थी। हालांकि, मंगलवार को जब फोन आया, तो उन्होंने बात नहीं की, बल्कि सेना के अधिकारी ने उन्हें उनके पिता के निधन की सूचना दी।