Loading...

संगड़ाह महाविद्यालय में नशा मुक्त युवा अभियान के तहत हुईं प्रतियोगिताएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में “विकसित भारत हेतु नशा मुक्त युवा” अभियान के तहत विद्यार्थियों के बीच विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने नशे के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

संगड़ाह

राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में भारत सरकार के “विकसित भारत हेतु नशा मुक्त युवा” अभियान के तहत विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश ने किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने पोस्टरों, नारों और भाषणों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा नशा मुक्त भारत का प्रभावी संदेश दिया।

पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में प्रेरणा ने प्रथम, रीतिका ने द्वितीय तथा अखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में लता प्रथम, अंजलि द्वितीय और रचना तृतीय रहीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में दीक्षा ठाकुर ने पहला, अंशिका पुंडीर ने दूसरा तथा तमन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया।महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उत्साह और रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।