Loading...

उच्च शिक्षा निदेशालय की टीम ने शैक्षणिक गुणवत्ता, सुविधाओं और उपलब्धियों का किया मूल्यांकन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 8 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में उच्च शिक्षा निदेशालय की निरीक्षण टीम ने शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। महाविद्यालय ने हाल ही में टियर-3 श्रेणी में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। निरीक्षण के दौरान संस्थान की उपलब्धियों, संसाधनों और शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया गया।

संगड़ाह

उच्च शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश द्वारा गठित निरीक्षण दल ने राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह का दौरा कर संस्थान की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत संरचना संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। यह निरीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब महाविद्यालय ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में टियर-3 श्रेणी के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।निरीक्षण दल में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य डॉ. दर्शन कुमार, डॉ. उत्तम चंद और डॉ. विद्या नेगी शामिल रहे। दल ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं, कार्यालय अभिलेखों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों की भागीदारी तथा उपलब्ध संसाधनों के उपयोग का भी जायजा लिया। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से निरीक्षण दल के समक्ष आवश्यक दस्तावेज, प्रतिवेदन और अन्य अभिलेख प्रस्तुत किए गए।निरीक्षण दल ने महाविद्यालय द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद महाविद्यालय की उपलब्धियों और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया।

कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. वेद प्रकाश ने निरीक्षण दल का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।