सरोज शर्मा घर-घर जाकर जनता से समर्थन मांग रही हैं विकास को बताया पहली प्राथमिकता
ग्राम पंचायत हम्बोली में प्रधान पद की उम्मीदवार सरोज शर्मा ने चुनाव प्रचार अभियान तेज करते हुए घर-घर जाकर लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने पंचायत में खेल सुविधाएं बढ़ाने, सोलर लाइटें लगाने, गलियों और रास्तों को पक्का करवाने सहित स्वच्छता और सौंदर्यकरण के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हम्बोली में पंचायत चुनावों को लेकर सरगर्मियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। पंचायत प्रधान पद की उम्मीदवार सरोज शर्मा ने नामांकन दाखिल करने के बाद चुनाव प्रचार अभियान को पूरी तरह तेज कर दिया है। वह पंचायत के हर वार्ड और गांव में जाकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं तथा अपने पक्ष में समर्थन जुटा रही हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों द्वारा सरोज शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंचायत के लोगों का उन्हें भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, जिससे उनका हौसला और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो पंचायत के विकास के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य किया जाएगा।
सरोज शर्मा ने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। पंचायत में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाएगा। इसके अलावा पंचायत की गलियों में सोलर लाइटें लगाकर लोगों को रात के समय बेहतर सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पंचायत की टूटी हुई गलियों और रास्तों को दुरुस्त कर पक्का करवाया जाएगा ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के सौंदर्यकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरोज शर्मा ने कहा कि पंचायत में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाकर स्वच्छ वातावरण तैयार किया जाएगा तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत के हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना ही उनका मुख्य उद्देश्य है।
