सितंबर में 59 यूनिट रक्तदान, जरूरतमंद मरीजों के लिए दिन-रात जुटे रक्तवीर
जिला सिरमौर में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के लिए रक्तदान ग्रुप से जुड़े सदस्यों ने सितंबर माह में भी सराहनीय सेवा जारी रखी। 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ग्रुप के माध्यम से कुल 59 यूनिट रक्तदान किया गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज नाहन के अलावा चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, शिमला और देहरादून में उपचाराधीन सिरमौर के मरीजों के लिए भी रक्त एवं प्लेटलेट्स की व्यवस्था की गई।
नाहन
मेडिकल कॉलेज नाहन में सितंबर माह के दौरान ए पॉजिटिव की 10, ओ पॉजिटिव की 9, बी पॉजिटिव की 9, एबी नेगेटिव की 2, एबी पॉजिटिव की 2 और बी नेगेटिव की 2 यूनिट रक्त उपलब्ध करवाया गया। ग्रुप के सदस्य पवनजीत सिंह ने पीजीआई चंडीगढ़ में जाकर ओ पॉजिटिव रक्तदान किया। वीरेंद्र ने अलकेमिस्ट अस्पताल पंचकूला में ओ नेगेटिव प्लेटलेट्स दान किए, जबकि लखविंदर सिंह ने एमएमयू मौलाना मेडिकल कॉलेज, हरियाणा में एबी नेगेटिव रक्तदान किया।
पीजीआई चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में जरूरत के अनुसार तीन यूनिट रक्त ब्लड ग्रुप के अध्यक्ष सलमान खान ने उपलब्ध करवाया। वहीं अखिल माहेश्वरी ने मोहाली और पंचकूला में जिला सिरमौर के मरीजों के लिए तीन यूनिट रक्त की व्यवस्था करवाई।
कपिल नेगी ने आईजीएमसी शिमला में दो यूनिट ए नेगेटिव, पीजीआई चंडीगढ़ में एबी पॉजिटिव की चार यूनिट तथा जॉली ग्रांट देहरादून में ओ नेगेटिव की दो यूनिट की जरूरत पूरी करवाई। नदीम खान ने देहरादून में दो यूनिट, देव अत्री ने मोहाली में दो यूनिट और रमन सोढ़ी ने चंडीगढ़ में दो यूनिट रक्तदान किया। वहीं साहिल ने आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन जिला सिरमौर के मरीजों के लिए दो यूनिट रक्त उपलब्ध करवाया।
ग्रुप से जुड़े सदस्यों का कहना है कि रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों और उनके परिजनों को अकेला न छोड़ना ही इस सेवा का उद्देश्य है। सभी सदस्य दिन-रात जरूरत के अनुसार रक्तदाताओं से संपर्क कर रक्त एवं प्लेटलेट्स की व्यवस्था करवाने में जुटे रहते हैं। सितंबर माह में हुई 59 यूनिट रक्तदान की सेवा सामूहिक प्रयास और सदस्यों की निरंतर मेहनत का परिणाम है।