शिमला में हाईवे किनारे खड़ी कार पर गिरे पत्थर, दो युवक घायल, वाहन क्षतिग्रस्त
शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़ी कार पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण दो युवक घायल हो गए। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है और दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
शिमला
हाईवे किनारे खड़ी कार पर गिरे पत्थर
गुरुवार को शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में अंटी नेशनल हाईवे-707 पर नालू के पास एक सड़क हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार मनोज पुत्र चमन और सुनील पुत्र बलवीर, दोनों निवासी गांव बढ़ाल, अपनी मारुति कार नंबर HP (10 A 4625) में सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र से पत्थर लुढ़ककर सीधे कार पर आ गिरे, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नंदपुर सड़क मार्ग पर जेसीबी मशीन के माध्यम से कार्य चल रहा था। इसी दौरान ऊपर से पत्थर नीचे की ओर आए और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के समय दोनों युवक वाहन के भीतर मौजूद थे, जिसके चलते उन्हें चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
रोहड़ू अस्पताल में चल रहा उपचार
घटना के बाद दोनों युवकों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रोहड़ू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर हादसे के कारणों और सड़क कार्य के दौरान सुरक्षा प्रबंधों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
