श्रीरेणुकाजी मेला-2026: सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 16 नवंबर को नाहन में कलाकारों का ऑडिशन
अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति के लिए श्रेणी सी और डी के कलाकारों का ऑडिशन 16 नवंबर को नाहन में होगा। जिला सिरमौर सहित हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों के इच्छुक कलाकार इसमें भाग ले सकेंगे। चयनित कलाकारों को 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
नाहन
जिला सिरमौर की उपायुक्त एवं श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने बताया कि ऑडिशन 16 नवंबर को सुबह 11 बजे एसएफडीए सभागार नाहन में आयोजित किए जाएंगे। कलाकारों का पंजीकरण आयोजन स्थल पर ही किया जाएगा और पूरी चयन प्रक्रिया कलाकार चयन समिति की निगरानी में संपन्न होगी। ऑडिशन के माध्यम से श्रेणी सी और डी के कलाकारों का चयन किया जाएगा।
ऑडिशन में शामिल होने वाले कलाकारों को वही गीत या प्रस्तुति पेश करनी होगी, जिसे वे अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत करना चाहते हैं। चयनित कलाकारों को उनकी प्रस्तुति के लिए निर्धारित तारीख की जानकारी दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी। मेले की सांस्कृतिक संध्याएं 19 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी।
श्रेणी ए और बी के कलाकारों के लिए अलग चयन प्रक्रिया
आकाशवाणी, दूरदर्शन या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ए अथवा बी हाई ग्रेड प्राप्त कलाकारों का चयन अलग प्रक्रिया के तहत होगा। ऐसे कलाकारों के आवेदनों, पूर्व गायन की रिकॉर्डिंग और अनुभव का आकलन सांस्कृतिक समिति करेगी। इस श्रेणी के कलाकारों का चयन 16 नवंबर को होने वाले ऑडिशन के बजाय उपलब्ध रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर किया जाएगा।