सिरमौर बाल विज्ञान कांग्रेस-2026: 18 सितंबर से उपमंडल मुकाबले, 16-17 अक्तूबर को नाहन में जिला आयोजन
सिरमौर जिले में बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 की उपमंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं 18 सितंबर से शुरू होंगी, जबकि जिला स्तरीय आयोजन 16 और 17 अक्तूबर को नाहन में होगा। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद के निर्देश पर जारी कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को विज्ञान प्रश्नोत्तरी, मॉडल प्रतियोगिता, मैथेमेटिकल ओलंपियाड, वैज्ञानिक परियोजना और साइंस स्किट के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
नाहन
जिला सिरमौर के विभिन्न उपमंडलों में विज्ञान प्रश्नोत्तरी, इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिता, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर और मैथेमेटिकल ओलंपियाड आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट और साइंस स्किट प्रतियोगिताएं भी होंगी। विज्ञान प्रश्नोत्तरी जूनियर, सीनियर और सीनियर सेकेंडरी वर्ग में करवाई जाएगी। किसी वर्ग में टीमों की संख्या आठ से अधिक होने पर 30 प्रश्नों की स्क्रीनिंग परीक्षा होगी, जिसके लिए प्रतिभागियों को 45 मिनट मिलेंगे।
स्क्रीनिंग के बाद चुनी जाएंगी तीन टीमें
स्क्रीनिंग परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से 10-10 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके आधार पर श्रेष्ठ तीन टीमों को अंतिम चरण के लिए चुना जाएगा। इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिता की थीम “स्थायित्व के लिए विज्ञान और नवाचार” रखी गई है। इसमें कक्षा छठी से आठवीं और कक्षा नौवीं से जमा दो तक के विद्यार्थियों के अलग-अलग वर्ग होंगे। प्रतिभागियों को कम लागत वाले, मौलिक और कार्यशील मॉडल के साथ हिंदी या अंग्रेजी में कॉन्सेप्ट नोट तथा आलेख या स्केच प्रस्तुत करना होगा।
मैथेमेटिकल ओलंपियाड के जूनियर वर्ग में कक्षा छठी से आठवीं, सीनियर वर्ग में नौवीं और दसवीं तथा सीनियर सेकेंडरी वर्ग में 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और नकारात्मक अंकन का प्रावधान रहेगा। समान अंक मिलने की स्थिति में टाई-ब्रेक के माध्यम से परिणाम तय किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में शहरी और ग्रामीण वर्गीकरण नहीं होगा तथा कोई भी विद्यार्थी एक से अधिक प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेगा।
परियोजनाओं में सतत विकास से जुड़े विषय
जिला और राज्य स्तर की वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट प्रतियोगिता का मुख्य विषय भी “स्थायित्व के लिए विज्ञान और नवाचार” निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण एवं पुनर्चक्रण, खाद्य एवं कृषि, स्वास्थ्य और सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणालियों के अनुप्रयोग जैसे विषय शामिल होंगे। साइंस स्किट प्रतियोगिता जैव विविधता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित होगी, जिसे मुख्य थीम के अनुरूप प्रस्तुत करना होगा।
सभी प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कराने वाले विद्यार्थियों को उपमंडल या जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलेगी। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों एवं प्रबंधकों से पात्र विद्यार्थियों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। जिला स्तरीय आयोजन पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाहन में 16 और 17 अक्तूबर, 2026 को होगा।