Loading...

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रयासों से सिरमौर की पारंपरिक कृषि विरासत को मिली राष्ट्रीय पहचान, हाटी किसान संघ को 10 लाख का पुरस्कार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Hours Ago • 1 Min Read

डॉ. पंकज मित्तल की वर्षों की मेहनत लाई रंग, पारंपरिक बीजों और स्थानीय कृषि किस्मों के संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड

नाहन

सिरमौर जिले की पारंपरिक कृषि विरासत और हाटी समुदाय के किसानों के वर्षों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। हाटी किसान संघ को भारत सरकार के पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) की ओर से प्रतिष्ठित प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड से सम्मानित किया गया है। 12 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में हाटी किसान समुदाय को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से न केवल सिरमौर जिला, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है।

इस राष्ट्रीय उपलब्धि के पीछे कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के प्रभारी वैज्ञानिक एवं पर्वतीय कृषि अनुसंधान एवं प्रसार केंद्र, धौलाकुआं के सह-निदेशक डॉ. पंकज मित्तल के निरंतर प्रयास विशेष रूप से सराहनीय रहे हैं। उन्होंने हाटी समुदाय की पारंपरिक कृषि पद्धतियों, स्थानीय बीजों और विशिष्ट फसलों के संरक्षण के प्रयासों को वैज्ञानिक आधार पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के वैज्ञानिकों के साथ समन्वय स्थापित कर इन पारंपरिक कृषि संसाधनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में लगातार काम किया गया।

डॉ. मित्तल के अनुसार, हाटी समुदाय की पारंपरिक फसल सौंठ का पंजीकरण प्रमाण पत्र अगस्त 2025 में ही प्राप्त हो गया था। इसके बाद अक्टूबर 2025 में कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के माध्यम से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन किया गया। पुरस्कार के लिए अंतिम चयन से पहले पिछले महीने नई दिल्ली से आई उच्चस्तरीय समिति ने सिरमौर जिले का दौरा किया और पारंपरिक बीजों, फसलों तथा उनके संरक्षण से जुड़े कार्यों का निर्धारित राष्ट्रीय मानकों के अनुसार मूल्यांकन किया। इस विस्तृत प्रक्रिया के बाद हाटी किसान संघ को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।

इस पूरी उपलब्धि में कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के वैज्ञानिक डॉ. देसराज चौधरी, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. निमित्त और डॉ. सौरव शर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर और विश्वविद्यालय के बीच समन्वित प्रयासों ने स्थानीय किसानों की पारंपरिक कृषि विरासत को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिसर में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने चयनित किसान समुदायों को पुरस्कार प्रदान किए। हाटी किसान संघ को इस सम्मान के तहत 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि देशभर से इस पुरस्कार के लिए केवल पांच किसान समुदायों का चयन किया जाता है। समारोह के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में हाटी किसान संघ को विशेष स्टॉल भी आवंटित किया गया, जहां पारंपरिक बीज किस्मों, कृषि उत्पादों और उनसे संबंधित सामग्री प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

डॉ. पंकज मित्तल ने बताया कि इस उपलब्धि के बाद भी प्रयास जारी रहेंगे। अब सौंठ को जीआई टैग दिलाने के साथ-साथ सिरमौर के दूरदराज क्षेत्रों में किसानों द्वारा पीढ़ियों से संरक्षित स्थानीय बीजों और पौधों की विशिष्ट किस्मों का व्यक्तिगत किसानों के नाम पर पंजीकरण करवाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के प्राधिकरण की ओर से चयनित व्यक्तिगत किसानों को प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिवॉर्ड के तहत डेढ़ लाख रुपये और प्लांट जीनोम सेवियर फार्मर रिकग्निशन अवार्ड के तहत एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का भी प्रावधान है।

यह सम्मान केवल एक किसान संगठन की उपलब्धि नहीं, बल्कि सिरमौर की उस समृद्ध कृषि संस्कृति की राष्ट्रीय स्वीकृति है, जिसे हाटी समुदाय के किसानों ने पीढ़ियों से सहेजकर रखा है। साथ ही यह कृषि विज्ञान केंद्र सिरमौर के वैज्ञानिक प्रयासों और डॉ. पंकज मित्तल के समर्पित नेतृत्व की भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।