Loading...

पंचायत समिति चुनाव परिणामों ने बदले सिरमौर के सियासी समीकरण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

जिला सिरमौर में पंचायत समिति चुनाव परिणामों ने ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने रखी है। कई वार्डों में बड़े अंतर से जीत दर्ज हुई, जबकि कुछ सीटों पर बेहद कांटे के मुकाबले देखने को मिले। मतदाताओं ने कई क्षेत्रों में नए चेहरों पर भरोसा जताते हुए विकास और जनसंपर्क को प्राथमिकता दी है।

नाहन

जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के अंतिम चरण के मतदान और मतगणना के बाद पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणामों ने ग्रामीण राजनीति की नई तस्वीर सामने रख दी है। हालांकि मतदान और मतगणना का कार्य 30 मई को पूरा हो गया था, लेकिन विभिन्न विकास खंडों के परिणामों का आधिकारिक एवं संकलित ब्यौरा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा की ओर से 31 मई को उपलब्ध करवाया गया। परिणामों में कई वार्डों में एकतरफा जनादेश देखने को मिला, जबकि कुछ सीटों पर बेहद कांटे के मुकाबले ने अंतिम दौर तक रोमांच बनाए रखा।

नाहन विकास खंड में बनकला वार्ड से रजनीश कुमार, रामा धौन वार्ड से वीरेंद्र सिंह, नलका वार्ड से सरोज देवी, सतीवाला वार्ड से दिनेश कुमार, विक्रम बाग वार्ड से संजीव कुमार, त्रिलोकपुर वार्ड संख्या-08 से कर्म सिंह तथा काला अंब वार्ड से रीना रानी विजयी घोषित हुए। त्रिलोकपुर वार्ड में कर्म सिंह ने राज कुमार को मात्र 40 मतों के अंतर से पराजित किया, जबकि काला अंब वार्ड में रीना रानी ने 2414 मत प्राप्त कर जिले की सबसे बड़ी जीतों में अपनी जगह बनाई।

पांवटा साहिब विकास खंड में गोजर अडायन वार्ड से कमल कुमार तथा वार्ड संख्या-04 से जय प्रकाश ने जीत दर्ज की। जय प्रकाश ने सुमेर चंद को 72 मतों के अंतर से पराजित कर पंचायत समिति सदस्य का चुनाव अपने नाम किया।

ददाहू विकास खंड में नेहर स्वार वार्ड से क्षमा नंद शर्मा, पराड़ा वार्ड से कुलदीप तथा ददाहू वार्ड संख्या-05 से नीलू विजयी रहीं। पराड़ा वार्ड में कुलदीप ने 1014 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की, जबकि नीलू ने रेणु देवी को 518 मतों से हराकर मजबूत जनाधार का परिचय दिया।

संगड़ाह क्षेत्र के नोहराधार वार्ड में दिनेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1054 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। दिनेश को 2097 मत प्राप्त हुए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुरेश कुमार को 1043 मत मिले। यह परिणाम जिले के सबसे चर्चित और बड़े अंतर वाले मुकाबलों में शामिल रहा।

पच्छाद विकास खंड में मानगढ़ वार्ड से रणधीर सिंह, लाना बाका वार्ड से अमर जीत सिंह, बजगा वार्ड से हेमलता, वार्ड संख्या-06 से कविता शर्मा तथा शिलांजी वार्ड से सीमा देवी विजेता घोषित हुईं। लाना बाका वार्ड में अमर जीत सिंह ने मात्र 8 मतों के बेहद रोमांचक अंतर से जीत दर्ज कर चुनावी मुकाबले को यादगार बना दिया।

राजगढ़ विकास खंड में राणाघाट वार्ड से निशा देवी, दीदग वार्ड से राजेश, बोहल टालिया वार्ड से विवेक पलाहा, टिककर वार्ड से भूपेंद्र सिंह, काथली भरण वार्ड से सुशील कुमार, वार्ड संख्या-05 से निखिल तथा कोटी पधोग वार्ड से सुदर्श कुमार ने जीत दर्ज की। कई वार्डों में मतदाताओं ने नए चेहरों को मौका देकर बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया।

शिलाई विकास खंड में काण्डो भटनोल वार्ड से बालक राम, रास्त वार्ड से रविंद्र सिंह, अजरोली वार्ड से मनोज, बांदली वार्ड से वीरेंद्र सिंह पुत्र बारूराम तथा बालिकोटी वार्ड से विनीता देवी ने पंचायत समिति सदस्य पद पर कब्जा जमाया। बांदली वार्ड में त्रिकोणीय मुकाबले के बाद वीरेंद्र सिंह पुत्र बारूराम ने 99 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घोषित इन परिणामों के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और विजयी उम्मीदवारों का स्वागत किया गया। चुनाव परिणामों ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों, विकास की अपेक्षाओं और जनसंपर्क को प्राथमिकता देते हुए अपना फैसला सुनाया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई तथा सभी परिणाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत घोषित किए गए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा बलों तथा मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

अब पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। चुनाव परिणामों के बाद जिले की ग्रामीण राजनीति में नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं और आने वाले दिनों में पंचायत समिति स्तर पर भी शक्ति संतुलन की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।