पंचायती राज चुनाव में मैदान साफ, सिरमौर में हजारों प्रत्याशियों की तस्वीर हुई स्पष्ट
पंचायती राज चुनाव को लेकर सिरमौर जिला में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जिला परिषद सदस्य से लेकर वार्ड सदस्य तक हजारों प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं और गांव-गांव चुनाव प्रचार तेज हो गया है। प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नाहन
जिला सिरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। जिला परिषद सदस्य से लेकर पंचायत वार्ड सदस्य तक विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। नाम वापसी के बाद अब जिला भर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और गांव-गांव चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 74 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान 72 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अब 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कुल 474 नामांकन दाखिल हुए थे। इनमें से 6 नामांकन पत्र जांच में निरस्त कर दिए गए, जबकि 468 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 336 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ सीटों पर प्रत्याशी निर्विरोध भी चुने गए हैं।
प्रधान पद के लिए इस बार सबसे अधिक उत्साह देखने को मिला। कुल 1430 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 10 नामांकन पत्र निरस्त हुए। 1420 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 826 उम्मीदवार प्रधान पद के लिए चुनावी मैदान में डटे हुए हैं।उप-प्रधान पद के लिए कुल 1204 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच में 5 नामांकन पत्र निरस्त किए गए और 1199 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 647 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
वहीं वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 2801 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें से 26 नामांकन पत्र निरस्त किए गए जबकि 2775 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी के बाद अब 2047 उम्मीदवार चुनावी मैदान में रह गए हैं।जिला प्रशासन ने बताया कि सभी विकास खंडों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर अंतिम स्थिति जारी की गई है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पंचायत चुनावों को लेकर अब गांवों में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं और उम्मीदवार जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।
