Loading...

सिरमौर में मारपीट के दो मामलों में केस दर्ज, जमीन विवाद और रास्ता रोककर हमला करने के आरोप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Jul 2026 • 1 Min Read

सिरमौर जिले के माजरा और संगड़ाह थाना क्षेत्रों में मारपीट और धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किए हैं। एक मामले में जमीन पर कब्जे के प्रयास और फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है, जबकि दूसरे मामले में रास्ता रोककर एक टिप्पर चालक के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब/संगड़ाह

पहले मामले में देवेंद्र सिंह निवासी गांव संतोषगढ़, डाकघर पुरुवाला, तहसील पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई कि पवन कुमार, चुहड़ा राम, संदीप, मनभरी और पूर्ण चंद उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनकी बोई हुई मक्की की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संगड़ाह में टिप्पर चालक से मारपीट का आरोप

दूसरे मामले में संगत सिंह निवासी गांव एवं डाकघर रजाना, तहसील संगड़ाह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अशोक कुमार निवासी कुफ्फर कायरा का टिप्पर लेकर रात करीब 10 बजे लाना पालर पहुंचा था। आरोप है कि वहां विक्रम सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे चोटें आईं। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी

पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Topics: