सिरमौर के शहरी निकाय चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव, 67.24% मतदान दर्ज
सिरमौर जिले में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। जिले में कुल 67.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और राजगढ़ सबसे अधिक मतदान वाला क्षेत्र बना। महिला, पुरुष और थर्ड जेंडर मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
राजगढ़
सिरमौर जिले में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को लोकतंत्र का उत्सव पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 67.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।चुनाव में पुरुष मतदाताओं ने 68.37 प्रतिशत, महिला मतदाताओं ने 66.13 प्रतिशत तथा थर्ड जेंडर मतदाताओं ने 75 प्रतिशत मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
राजगढ़ ने मारी बाजी, 78.04 प्रतिशत मतदान
जिले की तीनों शहरी निकायों में सबसे अधिक मतदान राजगढ़ नगर पंचायत में दर्ज किया गया, जहां 78.04 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।नगर पंचायत राजगढ़ में कुल 1,982 मतदाताओं में से 1,554 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 981 पुरुष मतदाताओं में से 777 पुरुष तथा 1,000 महिला मतदाताओं में से 776 महिलाओं ने मतदान किया। वहीं थर्ड जेंडर मतदाता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नाहन नगर परिषद में 67.39 प्रतिशत मतदान
नाहन नगर परिषद में कुल 67.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 19,876 मतदाताओं में से 13,394 मतदाताओं ने वोट डाले।महिला मतदाताओं में भी उत्साह देखने को मिला। कुल 10,061 महिला मतदाताओं में से 6,662 महिलाओं ने मतदान किया, जबकि 9,814 पुरुष मतदाताओं में से 6,731 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक थर्ड जेंडर मतदाता ने भी मतदान किया।
पांवटा साहिब में 65.87 प्रतिशत वोटिंग
पांवटा साहिब नगर परिषद चुनाव में 65.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 18,248 मतदाताओं में से 12,020 मतदाताओं ने मतदान किया।यहां 9,174 पुरुष मतदाताओं में से 6,144 पुरुषों ने वोट डाले, जबकि 9,072 महिला मतदाताओं में से 5,875 महिलाओं ने मतदान किया। दो थर्ड जेंडर मतदाताओं में से एक मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान, सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण प्रक्रिया
जिला प्रशासन के अनुसार नगर परिषद नाहन, पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ के कुल 55 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे निर्धारित समय पर शुरू कर दी गई थी। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ।पहली बार मतदान करने पहुंचे युवा मतदाताओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने के लिए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
उपायुक्त ने किया मतदान केंद्रों और मतगणना कक्ष का निरीक्षण
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने नाहन नगर परिषद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने मतगणना कक्ष का निरीक्षण कर चुनाव परिणामों की घोषणा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।


