Sirmour: सड़क हादसे में 20 वर्षीय ट्रक क्लीनर की हुई मौत
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब राजबन स्थित सीसीआई फैक्टरी के गेट के समीप सड़क हादसे में ट्रक क्लीनर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सीसीआई इकाई से ट्रक नंबर एचपी 71-6266 निकल रहा था। ट्रक को चालक राम स्वरूप चला रहा था।
ट्रक क्लीनर सुनील कुमार(20) पुत्र गुमान सिंह निवासी पंचायत क्यारी गुंडाह के ग्राम कुराया ने कंपनी गेट के पास ट्रक के बाहर जाने की एंट्री करवाई और उसके बाद ट्रक में चढ़ गया। इस बीच चालक ने ट्रक को आगे लापरवाही से चला दिया। ट्रक को एक दम चलाने के कारण क्लीनर सुनील कुमार ट्रक से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।
ट्रक के नीचे गिरने के कारण क्लीनर सुनील कुमार को छाती, टांग और अन्य हिस्सों में चोटें लगीं। हादसा के बाद फैक्टरी के सुरक्षा कर्मियों और चालक समेत अन्य लोगों ने ट्रक मालिक की कार में घायल को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर पांवटा सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर किया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।