Loading...

सिरमौर में भारी बारिश से सात सड़कें और दो पशुशालाएं क्षतिग्रस्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सिरमौर में भारी बारिश से 7 सड़कें और दो पशुशालाएं क्षतिग्रस्त

नाहन

नाहन, 26 अगस्त। जिला सिरमौर में भारी बारिश के चलते सात सड़कें और दो पशुशालाएं क्षतिग्रस्त होने का समाचार है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग की विभिन्न सड़कों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कमरऊ तहसील में दो पशुशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग की संगड़ाह डिवीजन की दो, नाहन डिवीजन की तीन और राजगढ़ डिवीजन की दो सड़कें भारी बारिश से प्रभावित हुई हैं। इन सड़कों को हुए नुकसान से करीब तीन लाख रुपये की सरकारी संपत्ति प्रभावित हुई है।

वहीं, कमरऊ तहसील के मोजा बोकाला पाब और तत्याना में एक-एक पशुशाला भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई है। मोजा बोकाला पाब में ब्रह्मानंद की पशुशाला को करीब 15 हजार रुपये, जबकि तत्याना में कुंदन की पशुशाला को करीब 12 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में ददाहू में सर्वाधिक 25.2 मिलीमीटर और नोहाधार में 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नाहन में एक मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 1.2 मिलीमीटर तथा संगड़ाह में एक मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं शिलाई और राजगढ़ में बारिश दर्ज नहीं की गई।

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में सड़कें प्रभावित होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभागों द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों को बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Topics: