Loading...

Snowfall: हिमपात से निपटने के लिए प्रशासन ने कसी कमर, पांच सेक्‍टर में बांटा शहर

PRIYANKA THAKUR • 26 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हिमपात से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली हैं। जिला शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने हिमपात से निपटने के लिए की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा बैठक की और इसके लिए टोल फ्री नंबर 1077 जारी किया। उन्होंने बताया कि हिमपात से निपटने के लिए आपातकालीन संचालन केंद्र शिमला में नियंत्रण कक्ष पहले ही स्थापित कर दिया है।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को प्राथमिकता के आधार पर सभी मार्ग खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला के सभी स्थानों पर पानी, बिजली, आवश्यक वस्तुएं, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं दूध की उचित व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पांच सेक्‍टर में बांटा शहर
उपायुक्त ने कहा कि शहर को हिमपात के लिए पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में संबंधित विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सेक्टर वार सभी नोडल अधिकारियों को अपने अधीन सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सेक्टर-एक के तहत संजौली, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा, बल्देयां एवं भट्ठाकुफर, सेक्टर-दो के तहत ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, लांगवुड, चौड़ा मैदान, एजी आफिस, अनाडेल एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय होगा।

इसके अलावा सेक्टर तीन के तहत टूटीकंडी, बाईपास एनएच सड़क वाया आईएसबीटी से शोघी तक, चक्कर, बालूगंज, टुटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस, विकासनगर एवं न्यू शिमला, सेक्टर चार के तहत डीसी कार्यालय, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड छोटा शिमला चौक तक, यूएस क्लब, ओकओवर, राजभवन, बेनमोर, रिज, जोधा निवास, हालीलोज, जाखू, रिच माउंट, राम चंद्रा चौक, केएनएच एवं हाईकोर्ट तथा सेक्टर पांच के तहत हिमाचल प्रदेश सचिवालय छोटा शिमला, नवबहार, ब्राकहस्ट, मैहली, कसुम्पटी और पंथाघाटी शामिल हैं।