Loading...

सोलन को मिलेंगी दो बड़ी सुविधाएं, 400 करोड़ से अधिक में बन रहे आधुनिक अस्पताल और दिव्यांगजन केंद्र

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सोलन जिले में स्वास्थ्य और सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं पर काम चल रहा है। कथेड़ में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बहुद्देशीय आधुनिक अस्पताल बनाया जा रहा है, जबकि कंडाघाट के टिक्करी में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिव्यांगजन उत्कृष्टता केंद्र तैयार हो रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय पर पूरा करने और जन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

सोलन

कथेड़ में बन रहा बहुद्देशीय आधुनिक अस्पताल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बताया कि कथेड़ में निर्माणाधीन आधुनिक अस्पताल से सोलन और आसपास के क्षेत्रों की चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है। अस्पताल तैयार होने के बाद प्रदेशवासियों के साथ हिमाचल आने वाले पर्यटकों को भी सामान्य और आपात परिस्थितियों में आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना के स्तरोन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और यह अस्पताल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

करीब 300 दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा

कंडाघाट उपमंडल के टिक्करी गांव में बन रहे दिव्यांगजन उत्कृष्टता केंद्र में करीब 300 दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेष कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। इस परियोजना की लागत 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। संस्थान में 500 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं उपलब्ध करवाकर दिव्यांग विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने के बेहतर अवसर देना है।

पेयजल समस्या के दीर्घकालिक समाधान के निर्देश

डॉ. शांडिल ने सोलन शहर की पेयजल समस्या की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को केवल तात्कालिक उपायों तक सीमित न रहने और इसका दीर्घकालिक समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोलन विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें, ताकि योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके और लोगों को उनका लाभ समय पर मिल सके।

जन समस्याओं के निवारण को प्राथमिकता

लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोलन जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर लोगों की शिकायतों का समाधान करने और विकास संबंधी जरूरतें पूरी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जन समस्याओं के निवारण के साथ आवश्यक अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता देने और सभी विकास योजनाओं का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा।