अर्की में विवाद के दौरान युवक गिरा बालकनी से, पुलिस ने मामला दर्ज किया
सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक के गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार घटना 25 मई की बताई जा रही है। घायल युवक को उपचार के लिए अर्की अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोलन
25 मई को सामने आया मामला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अश्विनी पुत्र राम रत्न निवासी गांव डवारू, दाड़लाघाट के रूप में हुई है। मामले को लेकर दीपक कुमार उर्फ शशि पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी गांव कोटला पुजारिया ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि 25 मई को वह और अश्विनी जालपा माता मंदिर स्यार पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात कुनाल पुत्र पाली निवासी स्यार से हुई।
जंगल क्षेत्र में बैठे थे तीनों युवक
शिकायत के अनुसार तीनों युवक शराब लेकर गांव के समीप जंगल क्षेत्र में चले गए और देर शाम तक वहीं मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत चुनाव को लेकर बातचीत हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार चर्चा के दौरान पंचायत चुनाव से जुड़े विषय पर दोनों पक्षों के बीच विवाद और बहस शुरू हो गई। बाद में तीनों तपन पुत्र मस्तराम निवासी स्यार के घर पहुंचे, जहां फिर से विवाद होने की बात सामने आई है।
बालकनी से गिरने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रात के समय विवाद के दौरान कुनाल ने अश्विनी को धक्का दिया, जिससे वह बालकनी से नीचे गिर गया। घटना के बाद घायल अवस्था में अश्विनी को उपचार के लिए अर्की अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।