NDPS / सोलन में सनवारा टोल प्लाजा के पास 5.98 ग्राम चिट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
NDPS : सोलन पुलिस की एसआईयू टीम ने सनवारा टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी और यातायात जांच के दौरान दो युवकों को 5.98 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद मादक पदार्थ के साथ स्कूटी को भी जब्त कर लिया है तथा दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सोलन
विशेष नाकाबंदी के दौरान की गई कार्रवाई
सोलन जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 5.98 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 मई 2026 को टोल प्लाजा सनवारा के समीप विशेष नाकाबंदी और यातायात जांच के दौरान की गई।
स्कूटी की तलाशी में बरामद हुआ चिट्टा
पुलिस के अनुसार टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर क्षेत्र में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान परवाणू की ओर से आ रही एक स्कूटी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 5.98 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
आरोपियों की पहचान विनय शर्मा (33) पुत्र रमेश शर्मा निवासी कोटला नाला जिला सोलन तथा साहिल चौहान (33) पुत्र स्वर्गीय मुनि लाल निवासी गांव भोलारड़ा, डाकघर एवं तहसील जुब्बल जिला शिमला, हाल निवासी टैंक रोड सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया है।
चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने मामले में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को 11 मई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। प्रारंभिक जांच में आरोपी विनय शर्मा के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से एक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी तिरुमलाराजू एसडी वार्मा ने की है।