Loading...

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सोनम वांगचुक की मांगों का किया समर्थन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 33 Mins Ago • 1 Min Read

राजगढ़ में स्वतंत्रता सेनानी कल्याण समिति पझौता के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सोनम वांगचुक द्वारा उठाए गए पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के भविष्य और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सकारात्मक वार्ता और प्रभावी कानून बनाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित से जुड़े विषयों पर शीघ्र निर्णय लेने और सभी वर्गों से समर्थन की अपील की।

राजगढ़

पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी कल्याण समिति पझौता के अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में केंद्र सरकार से आग्रह किया गया कि सोनम वांगचुक द्वारा उठाए गए जनहित एवं राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उनके साथ शीघ्र सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वांगचुक जिन विषयों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, वे केवल किसी एक व्यक्ति या क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के भविष्य और राष्ट्रीय हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन मुद्दों पर प्रभावी एवं सशक्त कानून बनाने की दिशा में केंद्र सरकार शीघ्र पहल करे, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो और जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यक कानूनी प्रावधान सुनिश्चित किए जा सकें। साथ ही सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और देशवासियों से भी इन मुद्दों पर एकजुट होकर समर्थन देने की अपील की गई।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला चौहान, दिनेश आर्य, रतन सिंह, स्नेहा शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।