Loading...

चंबा-भरमौर मार्ग पर चलती बस पर गिरा पत्थर, चालक घायल और बस का शीशा क्षतिग्रस्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 13 May 2026 • 1 Min Read

चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैहला के पास चलती बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से बस का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में चालक को चोटें आई हैं, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।

चंबा

मैहला के पास चलती बस पर गिरा पत्थर

चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद मैहला क्षेत्र के समीप एक चलती बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पालमपुर-होली रूट पर चलने वाली बस चंबा बस अड्डे से होली के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मैहला के पास अचानक पहाड़ी से लुढ़क कर आया पत्थर बस के अगले हिस्से से टकरा गया।

बस का अगला शीशा टूटा, चालक को लगी चोटें

पत्थर लगने से बस का अगला शीशा टूट गया और चालक को चोटें आईं। घटना के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। चालक ने स्थिति को संभालते हुए बस को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।

यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया

घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया और बाद में दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई।

खराब मौसम के कारण बढ़ रही भूस्खलन की घटनाएं

जिला चंबा में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब बना हुआ है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ी दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में कुगती क्षेत्र में भी परिवहन निगम की एक बस भूस्खलन की चपेट में आने आने का मामला सामने आया था। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से पर्वतीय मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Topics: