सुजानपुर के शिव मंदिर का दानपात्र तोड़ चढ़ावा ले गए चोर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुजानपुर के वार्ड नंबर छह स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर चोर उसमें जमा चढ़ावा ले गए। सुबह पूजा-अर्चना और भजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने दानपात्र के ताले टूटे देखे, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से लोहे की एक पाइप कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए हैं। दानपात्र में कितनी राशि थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
सुजानपुर
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुजानपुर पुलिस थाना की टीम मंदिर पहुंची। वार्ड पार्षद प्रोमिला मेहरा और स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला नहीं लगाया जाता था, जबकि दानपात्र पर नियमित रूप से ताला लगा रहता था। सावन के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी हुई थी और दानपात्र में काफी चढ़ावा जमा होने की संभावना जताई जा रही है।
लोगों ने पुलिस को बताया कि दानपात्र आमतौर पर दो से तीन महीने के अंतराल के बाद खोला जाता है और इस बार भी जल्द चढ़ावा निकालने की तैयारी थी। मंदिर के भीतर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होने के कारण पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मंदिरों के दानपात्र नियमित अंतराल पर खाली कर चढ़ावे को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। आरोपी और चोरी हुई राशि का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।