सुख-आश्रय योजना की दो लाख रुपये की मदद से संजय की मासिक आय 25 हजार तक पहुंची
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत मिली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता से ऊना जिले के चुरूड़ू निवासी 27 वर्षीय संजय भरवाल ने कार वॉशिंग सर्विस स्टेशन शुरू किया। कारोबार की बचत से उन्होंने ऑटो इलेक्ट्रिशियन का काम भी आरंभ किया और अब दोनों कार्यों से हर महीने 20 से 25 हजार रुपये तक कमा रहे हैं। संजय ने एक अन्य युवक को भी काम पर रखा है, जिसे वह कार वॉशिंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
ऊना/अम्ब
संजय जब चार वर्ष के थे, तब उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उनकी मां ने आंगनवाड़ी में काम करने के साथ दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभाली। संजय ने दसवीं तक पढ़ाई की, जबकि उनकी बहन ने बीए किया है। बाद में उनकी मां लकवे से ग्रस्त हो गईं और उन्हें काम छोड़ना पड़ा। करीब तीन वर्ष तक बिस्तर पर रहने के बाद 2023 में उनका निधन हो गया। इसके बाद संजय की बहन और जीजा ने उनकी जिम्मेदारी संभाली।
दो किस्तों में मिली आर्थिक सहायता
संजय स्वयं का कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मां के साथ आंगनवाड़ी में काम कर चुकी एक महिला ने उन्हें मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की जानकारी दी। उन्होंने कार वॉशिंग सर्विस स्टेशन खोलने के लिए आवेदन किया। योजना के तहत पहली किस्त में 1 लाख 40 हजार रुपये और दूसरी किस्त में 60 हजार रुपये मिले। कुल दो लाख रुपये की सहायता से उन्होंने अपना सर्विस स्टेशन शुरू किया।

कारों की धुलाई से संजय को हर महीने 12 से 15 हजार रुपये की आय हो रही है। उन्होंने कारोबार से हुई बचत का निवेश कर ऑटो इलेक्ट्रिशियन का काम भी शुरू किया, जिससे उन्हें प्रतिमाह 10 से 12 हजार रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो रही है। दोनों कार्यों से उनकी कुल मासिक आय 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गई है। सभी खर्च निकालने के बाद वह करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह बचा रहे हैं।
योजना में स्वरोजगार के लिए सहायता का प्रावधान
हिमाचल सरकार की मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना विशेष देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले पात्र बच्चों और युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के अवसर देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता और स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये की एकमुश्त मदद का प्रावधान है। पात्र लाभार्थियों को विवाह सहायता सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती हैं।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिला प्रशासन योजना का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा योजना के लाभ से वंचित न रहे। वहीं, संजय ने योजना से मिली सहायता को अपने पैरों पर खड़ा होने और भविष्य संवारने का अवसर बताते हुए प्रदेश सरकार का आभार जताया है।