Tag: Featured

  • चेक बाउंस मामले में आरोपी की अपील खारिज, सजा बरकरार

    चेक बाउंस मामले में आरोपी की अपील खारिज, सजा बरकरार

    सत्र न्यायालय नाहन ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    चेक बाउंस के एक मामले में नाहन के सत्र न्यायालय ने आरोपी द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया है। अदालत ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई दोषसिद्धि और सजा को पूरी तरह सही ठहराया।

    यह मामला राजगढ़ स्थित साईं को-ऑपरेटिव नॉन एग्रीकल्चर थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसायटी से जुड़ा है। अदालत के अनुसार आरोपी ने सोसायटी से ऋण लिया था, जिसकी अदायगी न होने पर खाता एनपीए घोषित किया गया।

    रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने जुलाई 2022 में ₹75,650 का चेक सोसायटी के पक्ष में जारी किया। चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर “Account Closed” टिप्पणी के साथ अनादरित हो गया।

    इसके बाद सोसायटी द्वारा विधिसम्मत कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन आरोपी ने तय अवधि में भुगतान नहीं किया। इस पर राजगढ़ की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अदालत ने आरोपी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराया था।

    अदालत ने छह माह के साधारण कारावास और ₹75 हजार मुआवजे की सजा सुनाई थी।निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए आरोपी ने सत्र न्यायालय में अपील दायर की।

    आरोपी की ओर से दलील दी गई कि चेक सुरक्षा के तौर पर दिया गया था और देनदारी सिद्ध नहीं की गई।हालांकि सत्र न्यायालय ने दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

    अदालत ने कहा कि आरोपी ने न तो चेक पर हस्ताक्षर से इनकार किया और न ही कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत कर वैधानिक धारणा को खंडित किया।अदालत ने स्पष्ट किया कि “Account Closed” की स्थिति में चेक बाउंस भी धारा 138 के अंतर्गत आता है।

    केवल मौखिक बयान या सफाई से आरोपी को राहत नहीं दी जा सकती।अदालत ने पाया कि निचली अदालत का फैसला कानून और साक्ष्यों के अनुरूप है। ऐसे में आरोपी की अपील खारिज करते हुए सजा को बरकरार रखा गया।

  • नाहन में शादी समारोह के दौरान दंगा, हरियाणा से आए युवक गिरफ्तार

    नाहन में शादी समारोह के दौरान दंगा, हरियाणा से आए युवक गिरफ्तार

    मारकंडा पुल के पास हथियारों से हमला, पाँच आरोपी पुलिस रिमांड पर

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    नाहन में एक शादी समारोह के दौरान दंगा, मारपीट और दहशत फैलाने के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    आरोपी हरियाणा से स्विफ्ट कार में सवार होकर नाहन आए थे और घटना के बाद फरार हो गए थे।पुलिस के अनुसार हरियाणा से सात युवक नाहन के एक स्थानीय निवासी रोहित की शादी में शामिल होने आए थे।

    शादी समारोह के दौरान मारकंडा पुल के समीप किसी बात को लेकर इन युवकों की स्थानीय लोगों से बहस हो गई। बहस के बाद युवकों ने अपने साथ लाए हॉकियों, डंडों और पिस्टल से मारपीट शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

    घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना सदर नाहन में अभियोग संख्या 12/26 दिनांक 26 जनवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 115(2), 332(सी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा),

    आशिक निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर, मुकेश ठाकुर निवासी गांव रखनी, शम्भुवाला, तहसील नाहन, साबीर निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर तथा रवि निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर शामिल हैं।

    एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत रिमांड पर हैं। अभियोग में वांछित स्विफ्ट कार नंबर HR02AR-7859 को बरामद कर लिया गया है।

    उन्होंने बताया कि वारदात में प्रयोग किए गए हॉकियों, डंडों और पिस्टल की रिकवरी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

    उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में दंगे-फसाद फैलाने और कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।

  • कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति से अलग, मोदी सरकार का बजट विकास का रोडमैप : विनय गुप्ता

    कांग्रेस की तुष्टिकरण राजनीति से अलग, मोदी सरकार का बजट विकास का रोडमैप : विनय गुप्ता

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनय गुप्ता ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट कांग्रेस की तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति से पूरी तरह अलग है और इसमें विकास व राष्ट्र निर्माण का स्पष्ट रोडमैप दिखाई देता है।

    विनय गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार यह बजट अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को केंद्र में रखकर बनाया गया है। बजट में गरीब, दलित, वंचित, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

    उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधान यह साबित करते हैं कि मोदी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि ठोस नीतियों के माध्यम से समावेशी विकास को आगे बढ़ाती है।

    प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करेगा। आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक न्याय को भी नई दिशा देगा। युवाओं के लिए रोजगार सृजन, किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं के सशक्तिकरण और वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़े प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।

    विनय गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा बजट को वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रखा, जबकि मोदी सरकार का यह बजट दूरदर्शी सोच पर आधारित है, जो आने वाले वर्षों में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की क्षमता रखता है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

  • केंद्रीय बजट में हिमाचल गायब, महंगाई हाज़िर: यह बजट नहीं, भाजपा का धोखा है

    केंद्रीय बजट में हिमाचल गायब, महंगाई हाज़िर: यह बजट नहीं, भाजपा का धोखा है

    रेल का टायर लोहे का होता है, भाजपा ने उसे भी पंचर कर दिया: अजय सोलंकी

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    केंद्रीय बजट को लेकर नाहन के विधायक और कांग्रेस नेता अजय सोलंकी ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बजट हिमाचल प्रदेश के लिए नहीं, बल्कि कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों के हितों के लिए तैयार किया गया है।

    हिमाचल को एक बार फिर पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया है।अजय सोलंकी ने कहा कि बजट में न तो पहाड़ी राज्यों की जरूरतों की समझ दिखाई देती है और न ही हिमाचल जैसे सीमावर्ती व आपदा-संवेदनशील राज्य के लिए कोई विशेष प्रावधान किया गया है।

    उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर बजट पूरी तरह मौन है।रेल कनेक्टिविटी पर कटाक्ष करते हुए सोलंकी ने कहा,“सिरमौर की जनता वर्षों से रेल की बाट जोह रही है।

    रेल का टायर लोहे का होता है, लेकिन भाजपा सरकार ने उस लोहे के टायर को भी पंचर कर दिया। हर बजट में सिर्फ झूठे सपने दिखाए जाते हैं।”विधायक ने कहा कि हिमाचल की आर्थिकी की रीढ़ माने जाने वाले बागवानों और किसानों के साथ भी इस बजट में अन्याय हुआ है।

    सेब उत्पादकों को आयात नीति, न्यूनतम समर्थन, उर्वरक और कीटनाशकों की बढ़ती कीमतों से राहत देने की बजाय सरकार ने चुप्पी साध ली है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावे अब मजाक बनकर रह गए हैं,

    जबकि बागवान कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।महंगाई को लेकर अजय सोलंकी ने कहा कि बजट पेश होते ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा देना भाजपा सरकार की असल सोच को उजागर करता है।

    उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, ढाबा संचालक और स्वरोजगार से जुड़े लोग पहले ही मुश्किल में हैं, ऊपर से यह महंगाई उनकी रोजी-रोटी पर सीधा हमला है।महिला सुरक्षा और सुविधाओं पर विधायक ने बजट को पूरी तरह खोखला करार दिया।

    उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आंगनबाड़ी, पोषण और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए बजट में कोई ठोस योजना नहीं है। असुरक्षा के बढ़ते माहौल में महिलाओं के लिए केवल भाषण हैं, समाधान नहीं।

    अजय सोलंकी ने कहा कि यह बजट हिमाचल के युवाओं के लिए भी निराशाजनक है। न रोजगार सृजन की कोई ठोस योजना है और न ही पलायन रोकने की दिशा में कोई पहल।

    उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का यह बजट आंकड़ों का मायाजाल है, जिसमें आम जनता, किसान, बागवान, महिलाएं और युवा सभी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब जुमलों और खोखले वादों से ऊब चुकी है और समय आने पर भाजपा को इस अनदेखी का जवाब जरूर मिलेगा।

  • बेलुए बुरा आया जमाना” पहाड़ी नाटी पर बधोरली उत्सव में झूमे दर्शक

    बेलुए बुरा आया जमाना” पहाड़ी नाटी पर बधोरली उत्सव में झूमे दर्शक

    राजेश धाल्टा और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, नववर्ष पर हुआ भव्य सांस्कृतिक आयोजन

    हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़

    नववर्ष के उपलक्ष्य पर शिरगुल युवा क्लब के सौजन्य से आयोजित बधोरली उत्सव में पहाड़ी संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। उभरते युवा कलाकार राजेश धाल्टा ने “बेलुए बुरा आया जमाना, दिल देखी रो लाणा” नामक पहाड़ी नाटी प्रस्तुत कर पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।

    सांस्कृतिक उत्सव में धाल्टा कला मंच के कलाकारों के अलावा प्रसिद्ध कलाकार राजेश धाल्टा, मधुमिता धीमान और सुमन सोनी सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

    मधुमिता धीमान ने “तू तो बसी गोई दिल दी मेरे प्यारिए, हाय रे मेरिए जोनसारिए” गीत पर प्रस्तुति दी, जिस पर युवा वर्ग भावुक होकर झूमता नजर आया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त शिक्षक प्रेमपाल आर्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जीवन सिंह राणा और सुशील भृगु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को पहलवान सोहनलाल शर्मा द्वारा प्रायोजित किया गया, जिनका आयोजन समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया।

    समापन समारोह में सेवानिवृत्त बीपीईओ चेतराम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ स्नेह शर्मा, डिंपल शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान संध्या धीमान, नीलकमल शर्मा और राजेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

    आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
    मुख्य अतिथि चेतराम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पहाड़ी गीतों और नाटियों से हिमाचल प्रदेश की देशभर में अलग पहचान है।

    ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे प्रदेश की सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण होता है।

    शिरगुल युवा क्लब के प्रधान पवन शर्मा ने बताया कि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम बीते कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाता है।

    उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र की जनता और सहयोगियों का आभार जताया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई थी।

  • मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश युगों तक समाज को दिशा देता रहेगा : डॉ. बिंदल

    मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश युगों तक समाज को दिशा देता रहेगा : डॉ. बिंदल

    गुरु रविदास जयंती पखवाड़े में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष—कांग्रेस सरकार साढ़े तीन साल में विकास में विफल, जनता को कर रही गुमराह

    नाहन 

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि संत शिरोमणी गुरु रविदास द्वारा दिया गया “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश युगों-युगों से समाज को समानता, समरसता और भाईचारे का मार्ग दिखाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का जीवन और उनके विचार आज भी राष्ट्र और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

    डॉ. बिंदल शनिवार को संत गुरु रविदास जयंती पखवाड़े के अवसर पर नाहन नगर सहित धारटी क्षेत्र के काटल, कैलाश और कटोरड़ में आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने नाहन स्थित संत गुरु रविदास मंदिर में माथा टेका और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद ग्रहण किया।

    उन्होंने कहा कि गुरु रविदास न केवल महान संत थे, बल्कि समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने जाति-भेद से ऊपर उठकर मानवता, श्रम और समानता का संदेश दिया। उनके विचार आज के समाज में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।

    कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में विकास पूरी तरह ठप हो चुका है और सरकार की उपलब्धि शून्य है।

    डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय धारटी क्षेत्र में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े करोड़ों रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इन कार्यों को जानबूझकर लटका दिया। न तो अधूरे कार्य पूरे किए गए और न ही कोई नया विकास कार्य शुरू किया गया।

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के सवालों से बचने के लिए धरना-प्रदर्शन और बयानबाजी के जरिए ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। लेकिन प्रदेश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है।

    डॉ. बिंदल ने दावा किया कि जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश से कांग्रेस सरकार को विदा करने का फैसला करेगी।

  • पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    ओवरलोड ट्रालों से हाईवे बना खतरे का रास्ता, लोगों में दहशत

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बार फिर बजरी से लदा ट्राला हादसे का शिकार हो गया। यह घटना शंभुवाला में गुरुद्वारे के समीप सुबह करीब चार बजे पेश आई, जब कालाअंब की ओर जा रहा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

    गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चालक को भी कोई चोट नहीं आई है।

    हैरानी की बात यह है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर रेत-बजरी से लदे ट्रालों के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। बीते कुछ समय से इस मार्ग पर ओवरलोड ट्राले बार-बार अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं, जिससे हाईवे पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी नेशनल हाईवे पर गोशाला के समीप एक तीखे मोड़ पर बजरी से लदा ट्राला पलट गया था। वह ट्राला भी कालाअंब की ओर जा रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया था। ताजा हादसे ने एक बार फिर लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर ओवरलोड रेत-बजरी के ट्राले अकसर खराब होकर बीच सड़क में रुक जाते हैं। विशेषकर खजुरना से नाहन की ओर चढ़ाई वाले हिस्से में ये ट्राले हांफते नजर आते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

    लगातार हो रहे हादसों के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरलोड ट्रालों पर सख्ती नहीं की गई, तो इस व्यस्त नेशनल हाईवे पर किसी बड़े और गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

  • सतौन में चिट्टा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, 4.18 ग्राम स्मैक बरामद

    सतौन में चिट्टा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, 4.18 ग्राम स्मैक बरामद

    नशे के खिलाफ अभियान के तहत SIU टीम की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में SIU टीम ने चिट्टा/स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर की SIU टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि सतौन क्षेत्र में एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर वाहन में घूम रहा है।

    सूचना के आधार पर पुलिस ने सतौन में आरोपी दिनेश कुमार पुत्र खजान सिंह निवासी गांव व डाकघर सतौन, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर की गाड़ी नंबर HP17J-0667 को चेक किया।

    वाहन की तलाशी के दौरान एक कैरी बैग बरामद हुआ। बैग के अंदर जिप्पर लगे पाऊच में चूर्ण व डली रूप में कुल 4.18 ग्राम चिट्टा/स्मैक पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।

    इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।एसपी नेगी ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके और समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

  • नाहन में कार टक्कर के बाद पुलिस कर्मी से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

    नाहन में कार टक्कर के बाद पुलिस कर्मी से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    नाहन में कारों की टक्कर के बाद जिला यातायात इकाई में तैनात एक पुलिस कर्मी के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    शिकायतकर्ता आरक्षी गौरव ने पुलिस को बताया कि वह बवेजा पेट्रोल पंप पर अपनी कार में तेल डलवा रहा था। इसी दौरान उसके भाई ने फोन कर सूचना दी कि साई अस्पताल के पास उनकी कार को एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी है।

    मौके पर पहुंचने पर कार चालक सचिन और उसके साथी हरदीप व तुषार ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।मारपीट में आरक्षी गौरव को टांग, हाथ, मुंह और सिर पर चोटें आई।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 352, 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  • शमलाटी मझगांव स्कूल के छात्र सारांश ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा की उत्तीर्ण

    शमलाटी मझगांव स्कूल के छात्र सारांश ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा की उत्तीर्ण

    जिला सिरमौर से चयनित 11 विद्यार्थियों में हासिल किया सातवां स्थान

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव के छात्र सारांश सेवल ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    सारांश वर्तमान में विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र है।विद्यालय प्रभारी संजय अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यह छात्रवृत्ति परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है।

    परीक्षा के द्वितीय चरण को उत्तीर्ण करने पर चयनित विद्यार्थियों को प्रथम वर्ष 4000 रुपये प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष 5000 रुपये प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष 6000 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

    उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के अंतर्गत जिला सिरमौर से कुल 11 विद्यार्थियों का चयन होना था, जिसमें सारांश सेवल ने सातवां रैंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।

    शिक्षा खंड सराहां से यह परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला सारांश एकमात्र विद्यार्थी है।विद्यालय प्रभारी ने सारांश को एक बहुआयामी प्रतिभासंपन्न छात्र बताते हुए कहा कि वह शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ गायन और पेंटिंग में भी दक्ष है।

    उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सारांश, उसके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनाटिक्कर की प्रधानाचार्य एवं क्लस्टर प्रमुख संगीता भट्टी ने भी सारांश की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी तथा छात्र को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

    उल्लेखनीय है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में भी राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव से दो विद्यार्थियों ने नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा जबकि एक छात्रा ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी।