Loading...

Crime / सीसीटीवी में कैद हुआ मौत का सफर, फिर पुलिस ने दबोचा कातिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : गणित शिक्षिका अमनदीप की हत्या के बाद आरोपी शव को बैग में भरकर हिमाचल के जंगल में ले गया और उसे जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब/बराड़ा

धौलाकुआँ क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल में मिले जले हुए शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मर्डर केस में सामने आई कहानी किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है। गणित शिक्षिका अमनदीप की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते की गई। आरोपी ने पहले किराए के कमरे में कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर युवती को मौत के घाट उतारा, फिर शव को बैग में ठूंस कर रिक्शा के जरिए गली से बाहर निकाला और बाद में हिमाचल लाकर जंगल में पेट्रोल डालकर जला दिया।लेकिन आरोपी की पूरी साजिश सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और यही फुटेज आखिरकार उसके गले की फांस बन गई।

डीएसपी सुरेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

बराड़ा के डीएसपी सुरेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी संदीप पुत्र रविंद्र सिंह निवासी जनकपुरी कॉलोनी बराड़ा जिला अंबाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
गणित पढ़ाती थी अमनदीप, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजहमृतका की पहचान 32 वर्षीय अमनदीप के रूप में हुई है। वह गणित की शिक्षिका थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि अमनदीप का आरोपी संदीप के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुरुआती जांच के अनुसार इसी रिश्ते ने बाद में खौफनाक मोड़ ले लिया।

किराए के कमरे में रची गई मौत की पटकथा

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अमनदीप को एक किराए के कमरे में बुलाया। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया गया। जहरीला पदार्थ पीने के कुछ समय बाद युवती की मौत हो गई। मौत के बाद आरोपी घबरा गया और फिर उसने शव को ठिकाने लगाने की पूरी योजना बनाई।

रेहड़ी पर निकला बैग… कैमरों ने पकड़ लिया राज

हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बड़े बैग में ठूंस दिया। इसके बाद वह गली में कई बार आता-जाता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज में बाद में वही युवक एक रेहड़ी पर भारी बैग ले जाता नजर आया। पुलिस का दावा है कि इसी बैग में युवती का शव था।आरोपी ने रेहड़ी चालक को सिर्फ 100 रुपये देकर बैग कार तक पहुंचवाया। चालक ने पुलिस को बताया कि उसे बैग के भीतर शव होने की कोई जानकारी नहीं थी।

स्विफ्ट डिजायर में शव रख हिमाचल पहुंचा आरोपी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी शव को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में डालकर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला पहुंचा। धौलाकुआँ क्षेत्र की कोलर पंचायत के सुनसान जंगल को उसने सबूत मिटाने के लिए चुना। यहां शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, ताकि पहचान और हत्या दोनों के निशान खत्म हो जाएं।

तीसरी आंख बनी पुलिस की सबसे बड़ी ताकत

शुरुआत में जंगल में मिला जला शव पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। लेकिन आसपास के सीसीटीवी कैमरों ने धीरे-धीरे पूरी कहानी खोलनी शुरू कर दी। गली में युवक की गतिविधियां, रेहड़ी पर ले जाया जा रहा बैग और बाद की मूवमेंट ने पुलिस को सीधे आरोपी तक पहुंचा दिया।बराड़ा पुलिस और माजरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बातापुल के समीप दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूरे इलाके में दहशत और चर्चा

इस खौफनाक वारदात के खुलासे के बाद बराड़ा से लेकर पांवटा साहिब तक सनसनी का माहौल है। लोग हैरान हैं कि एक प्रेम प्रसंग इतनी बेरहमी और सुनियोजित हत्या तक कैसे पहुंच गया। वहीं पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस पूरी वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।


Related Topics: