Traffic Diversion / नाहन में बदली यातायात व्यवस्था, कई सड़कें नो पार्किंग और वन-वे घोषित
Traffic Diversion / नाहन शहर में यातायात को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। कई सड़क खंडों को नो पार्किंग और नो ट्रैफिक जोन घोषित करने के साथ कुछ मार्गों पर वन-वे व्यवस्था की गई है। मुख्य बाजार के कुछ हिस्सों में निजी और दोपहिया वाहनों की आवाजाही तय समय के दौरान प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने पार्किंग स्थल और बसों के ठहराव की अवधि भी निर्धारित की है।
नाहन
जिला दण्डाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा की ओर से 12 नवम्बर को जारी आदेश के अनुसार शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास पीपल के पेड़ से डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग चौक तक पुराना डिग्री कॉलेज मार्ग नो पार्किंग रहेगा। दिल्ली गेट के सामने सड़क के दोनों तरफ, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पार्क के आसपास, वाल्मीकि चौक, फाउंड्री क्वार्टर्स के पास नगर परिषद की सड़क, नाहन फाउंड्री के पास सत्र न्यायाधीश आवास से नया बाजार तक और गोविंदगढ़ के साथ लगती एमसी आवासीय कॉलोनी को भी नो पार्किंग जोन बनाया गया है।
हिल व्यू कॉलोनी और कुम्हार गली में गौरा भवन से उपमंडलाधिकारी आवास प्रताप भवन तक पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। हॉट बाइट शॉप से आरपी-1 पोस्ट तक, कैंट चौक की शुरुआत में बिजली ट्रांसफार्मर के पास और सामने स्थित दुकानों वाले क्षेत्र को भी नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। नगर परिषद को यहां से हॉट बाइट शॉप तक सफेद लाइन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। शहीद स्मारक के पास शराब की दुकान से एसएफडीए हॉल तक नगर परिषद द्वारा चिह्नित येलो लाइन को छोड़कर शेष क्षेत्र में पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
इन मार्गों पर लागू रहेगी वन-वे व्यवस्था
एसपी कार्यालय के पीछे एचआरटीसी वर्कशॉप चौक को नो पार्किंग जोन बनाया गया है। गुन्नुघाट की तरफ से आने वाली स्कूल बसों को यशवंत चौक से मोड़ने पर भी रोक लगाई गई है। एसपी आवास से रानीताल छोटा गेट होते हुए गौरा भवन तक सड़क को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है, जबकि यहां येलो लाइन क्षेत्र लोडिंग और अनलोडिंग के लिए निर्धारित रहेगा। आरटीओ चार्जिंग स्टेशन से आरपी-3 पोस्ट तक पहले विशिष्ट वाहनों को दी गई पार्किंग अनुमतियां भी वापस ले ली गई हैं।
एसपी आवास से रानीताल छोटा गेट होते हुए गौरा भवन तक और नया बाजार तिराहे पर फेडरेशन राशन डिपो से सहकारी बैंक के पास ट्रैफिक पुलिस पोस्ट तक सड़क दोपहिया वाहनों को छोड़कर वन-वे रहेगी। बस स्टैंड से गुन्नुघाट होते हुए शिमला रोड के पास यशवंत चौक तक का मार्ग केवल भारी वाहनों के लिए वन-वे होगा। गुन्नुघाट से बड़ा चौक, दिल्ली गेट से बड़ा चौक और हिमाचल होटल की तरफ बस स्टैंड से बड़ा चौक बाजार तक निजी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही तय अवधि में प्रतिबंधित रहेगी।
अप्रैल से अक्टूबर तक इन बाजार क्षेत्रों में शाम चार बजे से रात नौ बजे तक निजी और दोपहिया वाहन नहीं चल सकेंगे। नवम्बर से मार्च के दौरान यह प्रतिबंध शाम चार बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगा। प्रशासन ने शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के साथ वैकल्पिक पार्किंग स्थान भी निर्धारित किए हैं, ताकि स्थानीय लोगों, दुकानदारों और टैक्सी संचालकों को सुविधा मिल सके। संबंधित क्षेत्रों में वाहन चालकों को निर्धारित यातायात व्यवस्था और पार्किंग चिह्नों का पालन करना होगा।
पार्किंग स्थल और बसों के ठहराव का समय तय
मेहलात की घाटी में होटल रीजेंसी से आगे दोपहिया वाहनों और तीन से चार टैक्सियों के लिए शुल्क के अधीन येलो लाइन पार्किंग जोन बनाया गया है। गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक भवन की छत स्थानीय दुकानदारों के दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल होगी। आईडीबीआई बैंक के सामने से अशोक कुमार-अतुल कुमार की दुकान तक पुराने बीडीओ कार्यालय भवन की ओर जाने वाली सड़क को भी दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। डीसी कार्यालय के पास वन संरक्षक कार्यालय से मुख्य द्वार की ओर बिजली के खंभे तक पार्किंग की अनुमति रहेगी।
कालीस्थान मंदिर के पीछे पार्क की दीवार के किनारे केवल दोपहिया और हल्के वाहनों को पार्क करने की अनुमति दी गई है। दिल्ली गेट बस स्टॉप पर एक समय में दो बसें अधिकतम पांच मिनट तक रुक सकेंगी, जबकि पंजाब नेशनल बैंक के समीप एक समय में केवल एक बस के ठहराव की अनुमति होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नो पार्किंग, वन-वे, वाहन प्रतिबंध और बस ठहराव संबंधी आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।