Loading...

त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला 11 से 26 अक्तूबर तक, तैयारियों के लिए विभागों को निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Hours Ago • 1 Min Read

त्रिलोकपुर स्थित श्री महामाया बालासुंदरी मंदिर में अश्विन नवरात्रि मेला 11 से 26 अक्तूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर 8 सितंबर को हुई बैठक में उपायुक्त सिरमौर एवं मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, खाद्य गुणवत्ता, पेयजल, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं से संबंधित प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी उपस्थित रहे।

नाहन

मेले के सुचारू संचालन के लिए उपमंडलाधिकारी नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाहन को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटने और राजस्व अधिकारियों को अस्थायी रूप से मेला ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मेले से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए।

खाद्य सामग्री की नियमित जांच के निर्देश

बैठक में मेले के दौरान बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात करने और खान-पान सामग्री के स्टॉलों की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। फल और दुग्ध विक्रेताओं के साथ मिठाई तथा प्रसाद की गुणवत्ता की भी लगातार जांच की जाएगी। प्रशासन ने भंडारा व्यवस्था और मेला अवधि में किराए में संभावित वृद्धि से जुड़े विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। केवल चयनित स्थानों पर ही भंडारे आयोजित किए जा सकेंगे।

एम्बुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा बूथ रहेंगे तैनात

स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में आवश्यक स्टाफ के साथ एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन दवाइयों की सुविधा वाले दो प्राथमिक चिकित्सा बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। त्रिलोकपुर की आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आयुष विभाग को स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा गया है। संबंधित विभाग सफाई, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए समुचित प्रबंध करेंगे।

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि यह मेला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराएं। बैठक का संचालन तहसीलदार नाहन एवं माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के मंदिर अधिकारी उपेंद्र चौहान ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, एसडीएम नाहन एवं मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त राजीव सांख्यान, बीडीओ राहुल धीमान, जिला आयुष अधिकारी डॉ. जसप्रीत कौर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।