Loading...

Triund Missing Rescue / धर्मशाला के त्रियुंड से लापता इजरायली पर्यटक 9 दिन बाद थाथरी जंगल में मिला……….

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 16 Jun 2025 • 1 Min Read

Triund Missing Rescue : 30 वर्षीय सैमुअल वेंगरिनोविच 6 जून को त्रियुंड ट्रैक पर गया था और उसके बाद लापता हो गया था। ग्रामीणों ने उसे थाथरी क्षेत्र में गंभीर स्थिति में झाड़ियों के बीच बैठा पाया।

धर्मशाला

स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तेजी से लापता विदेशी पर्यटक की हुई सकुशल बरामदगी

6 जून से था लापता, अंतर्राष्ट्रीय मामला बनते ही पुलिस ने तेज की खोज
इजरायली नागरिक सैमुअल वेंगरिनोविच, जो भारत में स्वतंत्र पर्यटक के रूप में आया था, 6 जून को धर्मशाला के त्रियुंड ट्रैक पर गया था। इसके बाद उसका किसी से कोई संपर्क नहीं हुआ। उसके मित्र एडिब्लम ने 7 जून को मैक्लोडगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद यह मामला अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक सुरक्षा से जुड़ गया और पुलिस ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

थाथरी क्षेत्र में मिला थका हुआ और कमजोर पर्यटक
15 जून को थाथरी क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों ने एक थके हुए व्यक्ति को झाड़ियों में बैठा देखा। जब वे पास गए तो पता चला कि वह सैमुअल वेंगरिनोविच ही है। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्ट्रेचर की मदद से सैमुअल को बाहर निकालकर उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

स्थिति अब स्थिर, इजरायली दूतावास और परिवार को दी गई सूचना
एएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि सैमुअल को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां अब उसकी हालत में काफी सुधार है। प्रारंभिक जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। इजरायली दूतावास और पर्यटक के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है।