ऊना की एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में युवाओं संग चले मुख्यमंत्री सुक्खू, नशे के खिलाफ मांगा सहयोग
ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं और बच्चों के साथ भाग लिया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से संवाद किया और चिट्टे के खिलाफ अभियान में युवाओं की सक्रिय भूमिका को जरूरी बताया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने दोस्तों और साथियों को नशे से दूर रखने तथा इसकी गिरफ्त में आ चुके लोगों को बाहर निकालने में सहयोग करने का आह्वान किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री काफी समय तक बच्चों, युवाओं और जेन-जी प्रतिभागियों के बीच रहे। उन्होंने उनके साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल मार्च किया, उनकी बातें सुनीं और सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर प्रतिभागियों में उत्साह दिखाई दिया और युवाओं ने उनसे बातचीत की।
चिट्टे के खिलाफ युवाओं की भूमिका पर जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के बढ़ते खतरे को युवाओं के सहयोग के बिना रोकना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने मित्रों और साथियों को नशे के दलदल में जाने से रोकें। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ चुका है तो उसे इससे बाहर निकालने में भी सहायता करें। उन्होंने इस अभियान में जेन-जी और अन्य युवाओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। वॉकथॉन में शामिल बच्चों और युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद और सेल्फी लेने में रुचि दिखाई। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के दौरान उनके साथ चलते हुए नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।