कैंट के जंगलों में भड़की भीषण आग, वन संपदा और वन्यजीवों पर मंडराया संकट
जिला ऊना के रामगढ़ बीट के कैंट क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग लगने से वन संपदा और वन्यजीवों को भारी खतरा उत्पन्न हो गया है। सूखी घास और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है जिससे बड़ा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तुरंत प्रभावी कदम उठाने और आग पर काबू पाने की मांग की है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना के रामगढ़ बीट के अंतर्गत कैंट क्षेत्र के जंगलों में लगी भीषण आग ने वन संपदा और वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर दिया है। आग की लपटों ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है, जिससे बहुमूल्य पेड़-पौधों, जड़ी-बूटियों और प्राकृतिक वनस्पति को भारी नुकसान पहुंच रहा है। वहीं जंगल में रहने वाले वन्यजीवों और पक्षियों के जीवन पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैल रही है और सूखी घास तथा तेज हवाओं के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है। आग से जंगल का पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होने के साथ-साथ वन क्षेत्र में रहने वाले जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आवास भी नष्ट हो रहा है।
ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग से मांग की है कि आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा आग लगने के कारणों की भी जांच की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो इससे और अधिक क्षेत्र प्रभावित हो सकता है तथा वन संपदा को अपूरणीय क्षति पहुंच सकती है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की अपील की है, ताकि जंगलों को विनाश से बचाया जा सके और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वन विभाग की ओर से आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, जबकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
