Weather / ऊना में बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की विस्तृत हीट स्ट्रोक एडवाइजरी
Weather : जिला ऊना में बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों को गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानियां अपनाने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर जारी की गई एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ऊना ने जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट स्ट्रोक के मामलों की संभावना को देखते हुए लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जंगलों में आग लगने और तापमान में वृद्धि के कारण गर्मी का प्रभाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्म मौसम में लापरवाही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकती है, इसलिए लोगों को निर्धारित सावधानियां अपनाने की आवश्यकता है।
पर्याप्त पानी और हल्के कपड़े पहनने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों में लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है, चाहे प्यास महसूस न भी हो। यात्रा के दौरान पानी साथ रखने, ओआरएस, नींबू पानी और लस्सी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। विभाग ने हल्के सूती और ढीले कपड़े पहनने, सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकने तथा धूप में निकलते समय जूते-चप्पल पहनने की सलाह दी है। इसके अलावा दिन के समय घर की खिड़कियां बंद रखने और रात में वेंटिलेशन बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आवश्यकता न होने पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। विभाग ने भारी शारीरिक कार्य, अत्यधिक व्यायाम और गर्म वातावरण में लंबे समय तक रहने से परहेज करने की सलाह दी है। साथ ही शराब, अधिक मीठे पेय पदार्थ, गैसयुक्त कोल्ड ड्रिंक और अत्यधिक चाय-कॉफी के सेवन से बचने को कहा गया है। बच्चों को तेज धूप में खेलने से रोकने और पालतू जानवरों या बच्चों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
लक्षण दिखने पर तुरंत लें चिकित्सीय सहायता
डॉ. वर्मा ने बताया कि तेज सिरदर्द, शरीर का अत्यधिक गर्म होना, उल्टी, चक्कर आना, सांस फूलना, बेहोशी और त्वचा का लाल एवं सूखा होना हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे मामलों में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर ठंडा रखने, शरीर पर पानी का छिड़काव करने और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र या एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने की सलाह दी गई है। विभाग ने विशेष रूप से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बाहर काम करने वाले लोगों और दिव्यांग व्यक्तियों को गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है।
