Loading...

ऊना की लडोली पंचायत में कूड़ेदान खरीद और फर्जी हस्ताक्षर मामले में पूर्व प्रधान व सचिव पर केस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ग्राम पंचायत लडोली में कूड़ेदान खरीद से संबंधित कथित वित्तीय अनियमितताओं और ग्राम सभा रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षरों के मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान और तत्कालीन पंचायत सचिव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कूड़ेदान खरीद में अनियमितताओं का आरोप

थाना अंब के तहत ग्राम पंचायत लडोली में वर्ष 2016 के दौरान पंचायत स्तर पर हुई खरीद प्रक्रिया को लेकर मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लडोली समिति के अध्यक्ष एवं बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा द्वारा पुलिस थाना अंब में शिकायत दी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि पंचायत द्वारा खरीदे गए 28 कूड़ेदानों की खरीद में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। शिकायत के अनुसार पंचायत ने प्रति कूड़ेदान 6000 रुपये की दर से कुल 1 लाख 68 हजार रुपये खर्च किए, जबकि संबंधित सामग्री की वास्तविक बाजार कीमत लगभग 2500 रुपये प्रति कूड़ेदान आंकी गई।

जांच में वित्तीय अंतर की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच के दौरान खरीद प्रक्रिया में करीब 98 हजार रुपये के वित्तीय अंतर का उल्लेख किया गया। मामले की जांच तत्कालीन पंचायत निरीक्षक द्वारा भी की गई थी, जिसमें तत्कालीन प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक को कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार बताया गया। शिकायत में विकास कार्यों से जुड़ी खरीद प्रक्रिया में रिकॉर्ड और व्यय से संबंधित विसंगतियों का भी उल्लेख किया गया है।

ग्राम सभा रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षरों के आरोप

मामले में 24 अप्रैल 2016 को आयोजित ग्राम सभा की कार्यवाही रजिस्टर को लेकर भी आपत्तियां दर्ज की गई हैं। शिकायत के अनुसार कार्यवाही रजिस्टर में कुछ लोगों के कथित फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। बताया गया कि जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय तथा उपमंडल अधिकारी अंब स्तर पर भी मामले की जांच की गई। फॉरेंसिक जांच प्रक्रिया और संबंधित ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान रजिस्टर में दर्ज कुछ हस्ताक्षरों को संदिग्ध पाया गया।

पुलिस ने शुरू की आगामी कार्रवाई

मामले की पुष्टि करते हुए बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा ने बताया कि विकास कार्यों के लिए की गई खरीद प्रक्रिया तथा रजिस्टर में कथित फर्जी उपस्थिति दर्ज करने के मामले में तत्कालीन प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Topics: