Loading...

ऊना के युवा गायक साहिल पंडित को किया सम्मानित, संगीत जगत में उपलब्धियों की सराहना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Aug 2026 • 1 Min Read

ऊना और चिंतपूर्णी क्षेत्र के युवा गायक साहिल पंडित को उनकी संगीत क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए सामाजिक कार्यकर्ता गौरव कुमार ने सम्मानित किया। उनके निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में गौरव कुमार ने साहिल पंडित को माता रानी की चुनरी और स्वामी विवेकानंद का प्रेरणादायी चित्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साहिल ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रतिष्ठित संगीत मंच PTC पंजाबी तक पहुंचकर जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

गौरव कुमार ने कहा कि साहिल पंडित की सफलता इस बात का उदाहरण है कि समर्पण, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि साहिल ने न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे ऊना जिले और चिंतपूर्णी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने युवाओं से साहिल की तरह अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

हिमाचल की प्रतिभाओं को मिलना चाहिए अवसर

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रतिभाओं की धरती है और यहां के गांवों तथा छोटे कस्बों में अनेक प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, मंच और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है। उनके अनुसार साहिल पंडित जैसे युवा कलाकार प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं और यह संदेश दे रहे हैं कि आत्मविश्वास तथा दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

प्रतिभाओं के सम्मान को बताया समाज की जिम्मेदारी

गौरव कुमार ने कहा कि समाज का दायित्व है कि वह उभरती हुई प्रतिभाओं का सम्मान करे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी क्षमता पहचानकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि माता रानी के आशीर्वाद से साहिल पंडित संगीत के क्षेत्र में नई सफलताएं हासिल करेंगे और भविष्य में ऊना, चिंतपूर्णी तथा हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की अन्य उभरती प्रतिभाओं को भी हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का भरोसा जताया।