Loading...

अपर बसाल जन संवाद में आठ पंचायतों की समस्याओं पर चर्चा, खेल मैदान के लिए दो लाख की घोषणा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Hours Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपर बसाल में आठ पंचायतों के लिए आयोजित जन संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र बीपीएल परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और वास्तविक जरूरतों के आधार पर विकास योजनाएं तैयार करना है। इस दौरान विधायक ने अपर बसाल में खेल मैदान के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जन संवाद कार्यक्रम में अपर बसाल, लोअर बसाल, ठाकुरद्वारा, तियुड़ी, पनोह, बडूही, बदोली और बड़साला पंचायतों के लोगों ने भाग लिया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इससे आम जनता को अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने सीधे रखने का अवसर मिल रहा है।

किसानों और पशुपालकों के लिए योजनाओं की जानकारी

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित की विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक विधि से उगाई गई गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपये, मक्की का 50 रुपये और कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। उनके अनुसार, इन दरों से प्रदेश के किसानों को आर्थिक लाभ मिल रहा है और प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है। इससे पशुपालकों की आर्थिकी को मजबूती मिली है और युवा भी पशुपालन व्यवसाय से जुड़ रहे हैं। खेल मैदान के लिए धनराशि की घोषणा करते हुए विधायक ने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना आवश्यक है, क्योंकि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और बौद्धिक विकास में भी सहायक होते हैं।

बीपीएल में शामिल होने की अंतिम तिथि 20 सितंबर

बीडीओ रमनवीर चौहान ने उपस्थित लोगों को सरकारी योजनाओं और बीपीएल श्रेणी में शामिल किए जाने के लिए निर्धारित मानदंडों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीपीएल में शामिल होने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है। नौवें और अंतिम चरण के लिए तय मानदंडों के अनुसार पात्र परिवारों को बीपीएल श्रेणी में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, प्रधान अमरीक सिंह, उपप्रधान रेशम सिंह, जिला परिषद सदस्य सुमित, बीडीसी सदस्य महेंद्र पाल और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: