सराहां में राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का शुभारंभ, शोभायात्रा में उमड़े हजारों लोग
सिरमौर जिले के सराहां में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एकता काप्टा ने तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। भगवान श्री वामन देव की भव्य शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य दल, होमगार्ड और हजारों स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इसके बाद नगर के तालाब में भगवान श्री वामन देव की पालकी को नौका विहार करवाया गया।
सराहां
नाहन, 23 सितंबर। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने भगवान श्री वामन देव की विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद पालकी को कंधा दिया। उन्होंने मंदिर से खंड विकास अधिकारी कार्यालय और नए बस स्टैंड तक निकाली गई शोभायात्रा में भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक वाद्य दल, होमगार्ड और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एकता काप्टा ने राज्य स्तरीय मेले के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सराहां का यह मेला सिरमौर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। दशकों से पूरा जनपद वामन द्वादशी मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेला धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है तथा यहां लोग खरीदारी करते हैं।
तीन दिवसीय मेले के दौरान सराहां में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने मेले में आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा अलग-अलग विभागों और स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारंभ कर उनका अवलोकन किया। चेस प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम पच्छाद एवं राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेला कमेटी की सदस्य सचिव डॉ. प्रियंका चन्द्रा ने अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी का स्वागत किया। उन्होंने एकता काप्टा को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक पच्छाद रीना कश्यप, जिला परिषद सिरमौर के उपाध्यक्ष बलदेव भण्डारी, बीडीसी पच्छाद के अध्यक्ष प्रकाश भाटिया, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी और नायब तहसीलदार रहीश अहमद उपस्थित रहे।
इस मौके पर कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, ऊषा तोमर, कांग्रेस नेता रणधीर पंवार और पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा भी मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त व्यापार मंडल सराहां के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया।