योल कैंट में अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
राजकीय उच्च विद्यालय योल कैंट में अंडर-14 छात्र एवं छात्राओं की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 शुरू हुई। धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
धर्मशाला/योल कैंट
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर देवेंद्र जग्गी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन मैदान में अनुशासन, ईमानदारी और खेल भावना के साथ उतरना सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और निरंतर मेहनत को सफलता का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ सकारात्मक सोच और चुनौतियों का सामना करने का साहस भी देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। विद्यालय के मुख्याध्यापक राजिन्द्र प्रसाद ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा सामने लाने के साथ उनमें अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करती हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश धीमान, हरीश, बॉबी गोस्वामी, संजीव सहोता, जयपाल, ओंकार चंद, विनोद राणा और पंकज मैहरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ सदस्यों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
