Loading...

कोलर में स्कूल बस और मोटरसाइकिल की टक्कर, तीन घायल; बस चालक पर मामला दर्ज

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 21 Feb 2026, 4:56 PM | Updated: 21 Feb 2026, 5:43 PM 0 min read

कोलर क्षेत्र में स्कूल बस को अचानक पीछे मोड़ने से मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाहन/माजरा

अचानक बस मोड़ने से हुआ हादसा

पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत कोलर में एक सड़क दुर्घटना में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार माइंड ट्री स्कूल खजुरना (नाहन) की स्कूल बस नाहन से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी।

कोलर में बस चालक ने वाहन को अचानक पीछे की ओर मोड़ दिया। उसी समय पीछे से नाहन से पांवटा साहिब की दिशा में आ रही एक मोटरसाइकिल बस की ड्राइवर साइड खिड़की से टकरा गई।

दो युवक व बस चालक घायल

हादसे में मोटरसाइकिल चालक मोहित शर्मा पुत्र गुणानन्द तथा पीछे बैठे आर्यन पुत्र राकेश कुमार निवासी बडाबन, जिला सिरमौर घायल हो गए। बस चालक दिनेश कुमार पुत्र साधूराम निवासी गांव बोहलियों, डाकघर शंभूवाला, तहसील नाहन भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है।

घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।