Loading...

Accident / किन्नौर में तीन ट्रकों की टक्कर से चार सैन्य जवान घायल, पूह पुलिस ने शुरू की जांच

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Accident / किन्नौर जिले के लिटीधार में नेशनल हाईवे-505 पर सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में सेना के चार जवान घायल हो गए, जबकि तीनों वाहन सड़क पर पलटकर क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को उपचार के लिए चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। पूह थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

किन्नौर

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे मिलिंग के पास लिटीधार में हुआ। सेना के दोनों ट्रक सीमा क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी एक सिविल ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद तीनों वाहन सड़क पर पलट गए। दुर्घटना में घायल हुए चारों सैन्य जवानों को राहत कार्य के दौरान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सिविल ट्रक का चालक सुरक्षित बताया गया है।

पुलिस और प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करने के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। क्षतिग्रस्त वाहनों और दुर्घटनास्थल की स्थिति की जांच भी की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सेना के ट्रकों और सिविल ट्रक के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

पूह थाना पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में कार्रवाई जारी है। टक्कर की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Related Topics: •