Loading...

नहीं रहे करिअर अकादमी नाहन के निदेशक ललित राठी

PARUL • 11 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/नाहन

करिअर अकादमी नाहन के चेयरमैन एसएस राठी के छोटे सुपुत्र एवं अकादमी के निदेशक ललित राठी (39) का बीती रात अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की सूचना से हर कोई गमगीन है। अकादमी और स्कूल में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया है।

बता दें कि करिअर अकादमी को ऊंचाइयों तक ले जाने में उनका अहम योगदान रहा है। दिवंगत ललित राठी के बड़े भाई मनोज राठी भी अकादमी में निदेशक के पद पर हैं। दोनों भाइयों ने एक साथ करिअर अकादमी को नई पहचान दी और शिक्षा के क्षेत्र में सिरमौर का अग्रणी संस्थान बना दिया।

इस संस्थान के होनहार विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट सूची में जगह बनाने के साथ साथ जेईई, नीट जैसी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अपना परचम लहराते आ रहे है। मनोज और ललित राठी ने एक साथ मिलकर कड़ी मेहनत और संघर्ष से संस्थान को अग्रणी बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा की है।

बताया जा रहा है कि बीती रात ललित राठी को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। हालत बिगड़ते ही उनके परिजन शहर के साईं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह सवेरे लोगों को उनके निधन की सूचना मिली। उनके निधन से नाहन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। करिअर अकादमी स्कूल में अवकाश घोषित कर दिया है।

बता दें कि ललित राठी एक ऐसा नाम रहा है जिसने जिला सिरमौर में शिक्षा के क्षेत्र में ऊंचे आयामों को छुआ। तब एक ऐसा दौर था जब बेहतर शिक्षा के लिए यहां के छात्र दूसरे राज्यों का रुख किया करते थे। मगर राठी और उनके परिवार ने शिक्षा में गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए करिअर अकादमी को पहली पसंद बना दिया था।

ललित राठी की अचानक हुई इस मौत के बाद न केवल शिक्षा जगत में बल्कि पूरे जिला में शोक की लहर है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित तमाम वर्गों ने गहरा अफसोस व्यक्त किया है।