Traffic Diversion / मोहर्रम पर नाहन में ट्रैफिक अलर्ट, कच्चा टैंक-गुन्नूघाट मार्ग पर रहेगी आवाजाही प्रभावित
Traffic Diversion : मोहर्रम के अवसर पर नाहन शहर में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। 25 जून रात से 26 जून तक विभिन्न समयावधियों में कच्चा टैंक-गुन्नूघाट मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। प्रशासन ने बसों और अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
नाहन
मोहर्रम के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर नाहन शहर में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कच्चा टैंक से गुन्नूघाट मार्ग पर वाहनों की आवाजाही निर्धारित अवधि के दौरान प्रभावित रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि पुलिस विभाग की रिपोर्ट के आधार पर यातायात संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आदेशों के अनुसार 25 जून को रात्रि 9 बजे से 26 जून को प्रातः 5 बजे तक तथा 26 जून को दोपहर 1 बजे से रात्रि 8 बजे तक गुन्नूघाट से कच्चा टैंक वाया डाइट मार्ग पर सभी प्रकार के यातायात को परिवर्तित किया गया है।
इस दौरान निजी एवं एचआरटीसी बसों का संचालन दोनों दिशाओं में नाहन बस अड्डे से दिल्ली गेट होते हुए वाल्मीकि बस्ती चौक मार्ग से किया जाएगा। वहीं दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए गुन्नूघाट से कच्चा टैंक की ओर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों को आवश्यकतानुसार छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।उन्होंने कहा कि आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।