नाहन में 24 वर्षीय युवक ने लगाया फंदा, कमरे से मिला सुसाइड नोट

By Ankita Published: 12 Aug 2024, 6:46 PM | Updated: 12 Aug 2024, 6:46 PM 1 min read

HNN/नाहन

नाहन शहर में एक युवक ने फंदा लगाकार अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान 24 वर्षीय आर्यन पुत्र उमेश निवासी कच्चा टैंक, नाहन के तौर पर हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के रिहायशी कमरे से एक सुसाइड नोट और पैन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

युवक ने सुसाइड नोट में क्या लिखा है, फिलहाल पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को शहर की पुलिस चौकी कच्चा टैंक को सूचना मिली कि बस स्टैंड के साथ मायाराम की दुकान के पीछे घर में किसी युवक ने फंदा लगा लिया है, जिसे फंदे से उतार ईलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले गए हैं।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक का शव आपातकालीन वार्ड में रखा था। पुलिस ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही मृतक के रिहायशी कमरे की भी तलाशी लेकर मौके की वीडियोग्राफी भी की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags: