टपरोली में भीषण अग्निकांड: देखते ही देखते घर बना आग का गोला, सब कुछ जलकर राख
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ के टपरोली गांव में देर रात भीषण आग लगने से एक मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना में परिवार सुरक्षित बच गया, लेकिन गाय और बछड़े की जिंदा जलकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग की है।
राजगढ़
राजगढ़ खंड के पझोता क्षेत्र के टपरोली गांव में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। रात करीब 11 बजे जदोल-टपरोली पंचायत के अंतर्गत मनोज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय बलदेव ठाकुर के मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा मकान कुछ ही देर में आग के गोले में तब्दील हो गया। घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया और परिवार की वर्षों की मेहनत पलभर में स्वाहा हो गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के आगे सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए।
घटना के दौरान घर में मौजूद राजू नामक व्यक्ति और उनका परिवार किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस अग्निकांड में एक गाय और एक बछड़े की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत व उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें।इस दुखद घटना पर देवठी मझगांव वार्ड से जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष भगनाल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से प्रभावित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता देने की मांग की है।