पंजोआ में अनियंत्रित होकर पलटी कार, 4 लोग घायल

By PARUL Published: 20 Mar 2024, 11:17 AM | Updated: 20 Mar 2024, 11:17 AM 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना के पंजोआ में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान रजत कुमार पुत्र धर्म पाल निवासी शांति नगर कालका हरियाणा, सुनील गुप्ता पुत्र रजिंद्र प्रसाद गुप्ता, ऊषा देवी पत्नी सुनील गुप्ता निवासी हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी पंचकूला हरियाणा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी कार में सवार होकर पालमपुर से चंडीगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान मैड़ी मेला सेक्टर नंबर-8 पंजोआ में रजत कुमार वाहन से सन्तुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार रजत कुमार, सुनील गुप्ता, ऊषा देवी तथा इनका पोता घायल हुए हैं।

जिसके बाद इन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है।