अम्ब-ऊना नेशनल हाईवे पर हिट एंड रन हादसा, स्तोथर में पैदल व्यक्ति की मौत
अम्ब-ऊना नेशनल हाईवे पर स्तोथर गांव में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल चल रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया और पुलिस जांच में जुटी है।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
सुबह साढ़े चार बजे हुआ हादसा
हादसा सुबह करीब 4:30 बजे स्तोथर गांव के पास हुआ, जब सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनकर बाहर आकर देखा तो व्यक्ति लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा था। मौके पर ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की। मृतक की पहचान संजय (45) पुत्र विश्वास राम निवासी गांव आठऊआ, डाकघर अहरोरी, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में मजदूरी के सिलसिले में रह रहा था।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक का पता लगाया जा सके।