बीएसएनएल उपभोक्ता इस दिन तक करवाएं अपनी ई-केवाईसी……
HNN/ बिलासपुर
बीएसएनएल उपभोक्ता 15 अक्तूबर तक अपनी ई-केवाईसी करवा सकते हैं। सभी उपभोक्ताओं को केवाईसी करवाना अनिवार्य है। उपभोक्ता अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय में आसानी से इसे करवा सकते हैं। बीएसएनएल क्षेत्रीय अभियंता बिलासपुर राजकुमार ने बताया कि सभी उपभोक्ता ई-केवाईसी करवा लें।
बीएसएनएल की ओर से पुराने मोबाइल उपभोक्ताओं की ई केवाईसी कराई जाएगी। इन उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल की सिम लेते समय पेपर फॉर्म जमा कराया था। भारत सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत सभी बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ताओं के फॉर्म को डिजिटल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए कार्यालय की ओर से भी लोगों को फोन भी किए जा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग इसे फ्रॉड कॉल भी मान रहे हैं।
सभी उपभोक्ताओं से आग्रह है कि कार्यालय में आसानी से इस प्रक्रिया को पूरी करवाएं। उन्होंने कहा कि पहले कागजी प्रक्रिया होती थी, इस कारण रिकॉर्ड रखने में समस्याएं होती थीं, लेकिन अब डिजिटल केवाईसी करवाकर उपभोक्ताओं को लाभ होगा। उन्हें भी कई प्रकार के झंझटों से छुटकारा मिल जाएगा।